मुंबई

‘शरद पवार दाऊद के दोस्त हैं’, प्रकाश आंबेडकर ने लगाया गंभीर आरोप, RSS नेता का जिक्र कर सरकार को घेरा

Maharashtra Politics: मुंबई के शिवाजी पार्क में संविधान सम्मान महासभा में प्रकाश आंबेडकर ने शरद पवार को दाऊद इब्राहिम का दोस्त बताया। राफेल विमानों और राम माधव के कथित ISI संपर्क पर भी सवाल उठाए।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:30 AM IST
Prakash Ambedkar Shivaji Park Rally
प्रकाश आंबेडकर और शरद पवार (Photo: IANS/File)

Prakash Ambedkar on Sharad Pawar: मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) की ओर से 'संविधान सम्मान महासभा' का आयोजन किया गया। इस रैली में राज्य भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। सभा को संबोधित करते हुए वंचित बहुजन आघाडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने केंद्र की सत्ताधारी भाजपा सरकार के साथ-साथ महाविकास आघाडी (MVA) और एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शरद पवार को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का दोस्त बताते हुए गंभीर आरोप लगाया।

मुंबई के दादर स्थित छत्रपति शिवाजी पार्क में बुधवार को वंचित बहुजन आघाड़ी की ओर से संविधान सम्मान महासभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए वीबीए प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने केंद्र सरकार और महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP SP) के प्रमुख शरद पवार को लेकर विवादित बयान दिया।

'शरद पवार का दाऊद से दोस्ताना संबंध'

प्रकाश आंबेडकर ने कहा, "शरद पवार दाऊद इब्राहिम के दोस्त हैं। इस मुद्दे को न तो कम्युनिस्ट उठाएंगे और न ही महाविकास आघाडी उठाएगी, क्योंकि तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं को गुलाम बना लिया गया है। इसकी वजह से आज न केवल देश का संविधान, बल्कि हमारी आजादी भी खतरे में पड़ गई है।" उनके इस बयान से महाराष्ट्र की सियासत में नया विवाद खड़ा होने की संभावना है।

राफेल विमानों की संख्या पर सरकार से सवाल

संविधान सम्मान महासभा को संबोधित करते हुए प्रकाश आंबेडकर ने राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि भारत के पास वास्तव में कितने राफेल विमान हैं? क्या भारत ने 36 विमान खरीदे हैं या अंतरराष्ट्रीय एयर फोर्स मैगजीन के आंकड़ों के मुताबिक इनकी संख्या 32 है?

उन्होंने कहा कि देश के मीडिया को भी इस मुद्दे पर सवाल उठाने चाहिए और जनता के सामने सही जानकारी लानी चाहिए।

आंबेडकर ने कहा कि राजनीतिक दलों ने अपने सवाल उठाने की क्षमता खो दी है। उन्होंने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम का जिक्र करते हुए भारत और बांग्लादेश के मौजूदा संबंधों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि जिस देश की आजादी के लिए भारतीय जवानों ने अपना खून बहाया और वहां के लोगों की मदद की, आज उसी देश के साथ भारत के संबंध अच्छे नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते बिगड़ रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को विश्वगुरु बताने का प्रचार किया जा रहा है।

RSS नेता और ISI के कथित संपर्क का किया दावा

प्रकाश आंबेडकर ने आरएसएस नेता राम माधव का नाम लेते हुए श्रीलंका में उनकी एक कथित मुलाकात को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि राम माधव श्रीलंका में किसके साथ बैठे थे और क्या उनकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारियों से मुलाकात हुई थी?

उन्होंने इस मामले में सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की। साथ ही राहुल गांधी और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें भी ऐसे सवाल उठाने की हिम्मत नहीं है। अपने भाषण के दौरान प्रकाश आंबेडकर ने समर्थकों से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान भी किया।

इस दौरान वीबीए नेता ने कहा कि भारत में आजादी के बाद राजनीतिक स्थिरता बनी रही और इसका सबसे बड़ा आधार भारतीय संविधान है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत में खूनी क्रांति नहीं हुई, जबकि कई ऐसे देश हैं जहां स्वतंत्रता के बाद हिंसक संघर्ष हुए और वे आज भी अस्थिरता का सामना कर रहे हैं। भारत में ऐसा इसलिए संभव हुआ क्योंकि देश की आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार संविधान है। उन्होंने इसे भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:30 AM IST
Published on: