मुंबई

पुणे पुलिस को अमेरिका से आया धमकी भरा कॉल, कहा- मुंबई में है संदिग्ध आतंकी, सुरक्षा एजेंसियां हुई सतर्क

Threat Call: पुणे कंट्रोल रूम ने मुंबई पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी। जब फोन करने वाले की लोकेशन की जांच की गई तो पता चला कि संबंधित व्यक्ति का कॉल संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) से आया था।

2 min read
Aug 22, 2023
मुंबई पुलिस को फिर आया धमकी भरा कॉल

Mumbai News: महाराष्ट्र के पुणे जिले में अमेरिका से आई एक रहस्यमयी कॉल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए। इंटरनेशनल कॉलर ने पुणे पुलिस को मुंबई के संदिग्ध आतंकवादी के बारे में जानकारी दी। हालांकि फोन करने वाले शख्स ने महज यह कहकर कॉल कट कर दिया कि मुंबई में रहने वाला शख्स आतंकवादी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुणे कंट्रोल रूम ने मुंबई पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी। जब फोन करने वाले की लोकेशन की जांच की गई तो पता चला कि संबंधित व्यक्ति का कॉल संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) से आया था। हालांकि, उस शख्स ने पुलिस कंट्रोल रूम को ज्यादा जानकारी नहीं दी। लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और छानबीन कर रही है। यह भी पढ़े-मुंबई पुलिस को मिली लोकल ट्रेन में सीरियल ब्लास्ट की धमकी, संदिग्ध गिरफ्तार

फोन करने वाले के दावे की सत्यता का पता लगाने के लिए व्यापक जांच शुरू हो चुकी है। घटना से जुड़े सूत्रों ने खुलासा किया कि फोन करने वाले ने कहा, मुंबई का एक व्यक्ति आतंकवाद में शामिल था। इसके अलावा उसने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी है। हालांकि मुंबई पुलिस के अधिकारी हरकत में आए और अमेरिका में कॉल के स्रोत का पता लगाने के लिए उन्नत तकनीक का सहारा ले रहे है। जांच की बागडोर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट को सौंप दी गई है। शुरुआती तौर पर इसे फर्जी कॉल ही माना जा रहा है।

हाल ही में पुणे में एक शख्स को कथित तौर पर विदेश से धमकी भरा ई-मेल मिला था। जिसने सुरक्षा एजेंसियों की नीद उड़ा दी थी। दरअसल इस ई-मेल में भारत में जगह-जगह बम धमाके करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एमए मोखीम नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर पुणे के शख्स को ई-मेल भेजकर यह धमकी दी। ईमेल में लिखा था, "मैं कई आतंकवादी संगठनों को फंडिंग करता हूं। देश से हिंदू महिलाओं और हिंदुओं को खत्म करने की कोशिश कर रहा हूँ।“ मोखीम के नाम से बने जीमेल अकाउंट से आये ई-मेल में देश में मौत का तांडव मचाने की धमकी दी गई। इस संबंध में पुणे के अलंकार थाने में मामला दर्ज किया गया। इस ईमेल की जानकारी खुफिया एजेंसियों को भी दी गई।


मुंबई लोकल में सीरियल ब्लास्ट की धमकी

इसी महीने एक संदिग्ध ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और मुंबई लोकल ट्रेन में सीरियल बम धमाके की धमकी दी। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि मुंबई की लोकल ट्रेन में सिलसिलेवार धमाके होंगे। कॉलर ने दावा किया कि वह विलेपार्ले (Vile Parle) इलाके से बोल रहा है और फिर उसने अपना फोन बंद कर दिया। बाद में जुहू पुलिस ने आरोपी अशोक मुखिया को विलेपार्ले के नेहरू नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

Published on:
22 Aug 2023 01:21 pm
Also Read
View All