17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेल यात्रियों को बड़ी सौगात! पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू, शिर्डी के लिए भी नई ट्रेन

New Train: मध्य रेलवे ने कहा कि पुणे-साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस पुणे और शिर्डी के बीच तेज, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प प्रदान करेगी। यह रेल सेवा श्रद्धालुओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी नई गति देगी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 17, 2026

Amrit Bharat Express Pune Danapur Pune Shirdi express train

रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: 2 नई ट्रेनों को हरी झंडी, शिर्डी और बिहार जाना हुआ आसान (Photo: IANS/File)

Railway News: पुणे और आसपास के इलाकों के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को दो नई ट्रेनों का शुभारंभ किया। इनमें पुणे से बिहार के दानापुर तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (Amrit Bharat Express Pune Danapur) और पुणे से साईनगर शिर्डी के बीच चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन (Pune Shirdi Express Train) शामिल है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से बिहार और शिर्डी जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका सफर पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगा।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस मुख्य पुणे रेलवे स्टेशन के बजाय हडपसर रेलवे स्टेशन से संचालित की जाएगी। ट्रेन का टाइम-टेबल जल्द ही रेलवे प्रशासन द्वारा जारी किया जाएगा।

कम किराए में मिलेंगी वंदे भारत जैसी सुविधाएं

भारतीय रेलवे ने आम यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हालांकि, वंदे भारत पूरी तरह वातानुकूलित (एसी) ट्रेन है, जबकि अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह नॉन-एसी सेवा होगी। इसमें जनरल और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे होंगे, जिससे आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को कम खर्च में आरामदायक और आधुनिक यात्रा का लाभ मिल सकेगा।

पुणे रेलवे की क्षमता होगी दोगुनी

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पुणे की रेलवे क्षमता को दोगुना करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र का व्यापक अध्ययन करने के बाद मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं और बाकी कार्य तेजी से चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि खड़की, पुणे, घोरपड़ी, हडपसर, शिवाजीनगर, फुरसुंगी और आलंदी समेत कई रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। वर्तमान में पुणे जंक्शन पर छह प्लेटफॉर्म हैं, जिन्हें बढ़ाकर 12 किया जा रहा है। इससे स्टेशन की क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

आलंदी में बनेगा मेगा टर्मिनल

रेल मंत्री ने कहा कि पुणे स्टेशन पर होने वाले मेंटेनेंस कार्य को घोरपड़ी, फुरसुंगी और आलंदी में स्थानांतरित किया जा रहा है। इसके साथ ही आलंदी में एक मेगा टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन 35 ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा।

अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, पुणे में चल रहे रेलवे विस्तार के सभी प्रमुख कार्य अगले तीन वर्षों में पूरे होने की उम्मीद है। अगले 1,000 दिनों में अधिकांश परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी, जिससे पुणे की रेलवे क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी।

पुणे से चलेंगी 20 अतिरिक्त ट्रेनें

रेल मंत्री ने कहा कि क्षमता बढ़ने के बाद पुणे से 20 अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन संभव होगा। इससे न केवल महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों बल्कि देश के अन्य राज्यों के साथ भी पुणे की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा, कोंकण, विदर्भ, पश्चिम महाराष्ट्र और उत्तर महाराष्ट्र को पुणे से बेहतर रेल सेवाओं के जरिए जोड़ा जाएगा। साथ ही देशभर से पुणे आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नई ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस और शिर्डी एक्सप्रेस के शुभारंभ के साथ पुणे रेलवे नेटवर्क को बड़ी मजबूती मिली है। नई ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा, समय की बचत और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार और व्यवसायों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।