11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

TMKOC में एक्टर बनने 900 किलोमीटर दूर मुंबई पहुंचा 16 साल का लड़का, पुलिस ने फिल्म सिटी से पकड़ा

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 16 Year Old Boy: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो में काम करने का सपना लेकर एक 16 साल का लड़का मुंबई आया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah

तारक मेहता का उल्टा चश्मा ( फोटो सोर्स- IMDb)

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी का लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ पिछले कई सालों से दर्शकों के बीच खास जगह बनाए हुए है। शो के किरदारों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग उनसे जुड़ने और उनके जैसा बनने का सपना देखते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के एक 16 वर्षीय किशोर ने इस शो का हिस्सा बनने के लिए ऐसा कदम उठा लिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। वह अपने घरवालों को बिना बताए करीब 900 किलोमीटर का सफर तय करके मुंबई पहुंच गया।

स्कूल जाने के नाम पर घर से निकला

मामला मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोर 6 अगस्त की दोपहर घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था। हालांकि, वह स्कूल जाने के बजाय रेलवे स्टेशन पहुंच गया। इसके बाद उसने नागपुर के लिए ट्रेन पकड़ी और वहां से मुंबई की ट्रेन में सवार हो गया।

अगली सुबह वह मुंबई के गोरेगांव स्टेशन पहुंचा। परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा इतनी दूर अकेले निकल चुका है। बताया गया कि किशोर के मन में अभिनेता बनने का सपना था और वह खास तौर पर ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में काम करना चाहता था।

मुंबई पहुंचकर फिल्म सिटी की तरफ निकल पड़ा

मुंबई पहुंचने के बाद किशोर ने अपने सपने को पूरा करने की कोशिश शुरू कर दी। गोरेगांव से वह फिल्म सिटी की तरफ पैदल निकल पड़ा। उसके मन में उम्मीद थी कि शायद वहां पहुंचकर उसे अभिनय का कोई मौका मिल जाए और वह अपने पसंदीदा टीवी शो का हिस्सा बन सके।

लेकिन एक नाबालिग के लिए किसी अनजान शहर में अकेले इस तरह घूमना जोखिम भरा हो सकता था। इसी दौरान पुलिस को उसके बारे में सूचना मिली। जानकारी मिलने के बाद मोबाइल पुलिस यूनिट मौके पर पहुंची और किशोर को अपने साथ आरे पुलिस स्टेशन ले गई।

पुलिस ने पूछताछ की तो सामने आया सपना

पुलिस के मुताबिक, किशोर फिल्म सिटी के आसपास अकेला घूमता हुआ मिला था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह अभिनेता बनने के इरादे से मुंबई आया है। उसका सबसे बड़ा सपना ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में अभिनय करना था।

किशोर की बात सुनकर पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। परिवार ने बताया कि वह कई दिनों से लापता था और उन्हें उसके मुंबई पहुंचने की जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने परिवार को उसकी सुरक्षित बरामदगी की जानकारी दी।

पिता बेटे को लेने मुंबई पहुंचे

किशोर के सुरक्षित मिलने के बाद उसके पिता मुंबई के लिए रवाना हुए। फिलहाल पुलिस की मदद से नाबालिग को सुरक्षित रखा गया और परिवार के साथ मिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह दिखाया कि टीवी और फिल्मों के सितारों को देखकर बच्चों और युवाओं में अभिनय का सपना कितना गहरा हो सकता है। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की लोकप्रियता लंबे समय से लोगों के बीच बनी हुई है और इसके किरदार घर-घर में पहचाने जाते हैं। ऐसे में इस किशोर का सपना भी इसी लोकप्रियता से जुड़ा हुआ नजर आया।

बड़ी खबरें

View All

मनोरंजन

ट्रेंडिंग