11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘फ्रांड्स, सत्ता से निकलवाने से कैसे रोक पाओगे’, प्रकाश राज ने किया वोटर लिस्ट से नाम हटने का दावा

Prakash Raj Lashes On PM Modi: अभिनेता प्रकाश राज ने हाल ही में सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि उनका वोटर कार्ड छीन लिया गया है। क्या है पूरा मामला. चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Prakash Raj Lashes On PM Modi

प्रकाश राज ने बोला हमला (फोटो सोर्स- twitter/@prakashraaj)

Prakash Raj Lashes On PM Modi: अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए वोटिंग राइट्स और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर सवाल उठाए हैं। वीडियो में अभिनेता दावा करते नजर आ रहे हैं कि वह उन लाखों मतदाताओं में शामिल हैं, जिनका नाम बेंगलुरु की वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सत्ता और जनता के अधिकारों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की है।

प्रकाश राज ने शेयर किया अपना वीडियो

प्रकाश राज ने एक्स पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो कैमरे के सामने अपनी बात रखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में वह हल्के-फुल्के अंदाज में कहते हैं कि वो अपने दोस्तों के साथ एक 'जोक' शेयर करना चाहते हैं। इसके बाद वह बेंगलुरु में अपने वोटर रिकॉर्ड से जुड़े मुद्दे का जिक्र करते हैं।

अभिनेता के मुताबिक, वो बेंगलुरु में पैदा हुए और लंबे समय तक वहीं रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पढ़ाई, कॉलेज और थिएटर से जुड़ी गतिविधियां भी इसी शहर में हुईं। प्रकाश राज ने यह भी कहा कि वह इसी क्षेत्र से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार रह चुके हैं।

‘मैं इस इलाके में पैदा हुआ, यहीं पढ़ा और चुनाव भी लड़ा’

वीडियो में प्रकाश राज अपने वोटिंग अधिकार से जुड़े मामले पर सवाल उठाते हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की प्रक्रिया समझनी होगी कि अपना वोटर आईडी या मतदाता अधिकार वापस पाने के लिए उन्हें क्या कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर आगे की प्रक्रिया देखेंगे। इसी दौरान अभिनेता ने सत्ता में बैठे लोगों को लेकर भी एक संदेश दिया।

‘कुछ नागरिकों का वोट रोक सकते हैं, लेकिन…’

प्रकाश राज ने वीडियो में कहा कि सत्ता का इस्तेमाल करके कुछ ऐसे नागरिकों को मतदान से वंचित किया जा सकता है, जो शायद उन्हें दोबारा सत्ता में चुनना न चाहें। हालांकि, इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता को भविष्य में सत्ता बदलने के अपने अधिकार से रोका जा सकता है। अभिनेता ने अपने संदेश का अंत ‘जस्ट आस्किंग’ यानी सवाल पूछने वाले अंदाज में किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

झारखंड छात्र प्रदर्शन पर भी बोले थे प्रकाश राज

प्रकाश राज इससे पहले झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने एक्स पर प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए आंसू गैस और लाठीचार्ज के इस्तेमाल पर सवाल उठाया था।

दरअसल, झारखंड में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांगों में परीक्षा रद्द करने, मामले की सीबीआई जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार जैसी मांगें शामिल हैं।

प्रकाश राज ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि इस तरह की सख्ती से आंदोलन की आवाज दबाई नहीं जा सकती। उन्होंने सत्ता के अहंकार और जनता की प्रतिक्रिया को लेकर भी अपनी बात रखी थी।

वोटिंग अधिकार को लेकर प्रकाश राज का नया सवाल

प्रकाश राज के ताजा वीडियो में भी लोकतंत्र और मताधिकार का मुद्दा केंद्र में है। हालांकि, उनके द्वारा वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने को लेकर किए गए दावे और इसके पीछे की पूरी प्रक्रिया पर संबंधित आधिकारिक पक्ष का सामने आना अभी बाकी है। ऐसे में उनके दावे को लेकर अंतिम निष्कर्ष आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही निकाला जा सकता है।

फिलहाल, अभिनेता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और वोटिंग राइट्स को लेकर बहस तेज हो गई है।