
Pune Fire: महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार तड़के टिंबर मार्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 50 से 60 दुकानें जलकर खाक हो गईं, जबकि आसपास की कुछ रिहायशी इमारतों और घरों को भी नुकसान पहुंचा है। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 27 गाड़ियां और करीब 150 जवानों को तैनात किया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस भीषण आग के पीछे दो गुटों में हुआ आपसी विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है, फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुणे स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार तड़के करीब 2 बजे आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विजयवल्लभ स्कूल के पास स्थित दुकानों में आग लगी और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते करीब 50 से 60 दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की बस्ती में स्थित कुछ घरों तक भी पहुंच गईं। इससे घरों को भी नुकसान हुआ है। इस घटना में दुकानों में रखा सामान और अन्य संपत्ति जलकर खाक हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। कितनी दुकानें पूरी तरह जल गईं और कितनी आंशिक रूप से प्रभावित हुईं, इसकी पड़ताल की जा रही है।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया। करीब 30 दमकल गाड़ियों के साथ 150 जवानों को मौके पर तैनात किया गया। आग बुझाने के लिए पास के नाले से मोटर पंप के जरिए पानी निकाला गया। इसके अलावा कई निजी पानी के टैंकरों को भी मौके पर बुलाया गया।
दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कई जगहों पर आग अभी भी सुलग रही है। दमकल विभाग के जवान आग को पूरी तरह बुझाने में जुटे हैं।
टिंबर मार्केट में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या दो गुटों के युवकों के बीच हुए विवाद के बाद जानबूझकर आगजनी की गई थी। हालांकि, इस संबंध में अभी छानबीन चल रही है।
गौरतलब है कि पुणे के टिंबर मार्केट में पिछले आठ वर्षों के दौरान आग लगने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। घटना के बाद पुणे की महापौर मंजुषा नागपुर और नगर निगम के अन्य पदाधिकारियों ने टिंबर मार्केट पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।