17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Maharashtra: 75 साल की दादी को लगा रील्स का चस्का, मोबाइल छीनने पर बिगड़ी तबीयत, 15 दिन अस्पताल में चला इलाज

Instagram Reels Addiction: छत्रपति संभाजीनगर में 75 साल की बुजुर्ग महिला को इंस्टाग्राम रील्स देखने की लत लग गई। मोबाइल से दूर करने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें 15 दिन तक अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 17 Nov 2026, 8:10 PM IST

Instagram Reels Addiction

एआई तस्वीर

Social Media Addiction: छत्रपति संभाजीनगर में 75 साल की एक बुजुर्ग महिला को इंस्टाग्राम पर रील्स देखने की ऐसी आदत लगी कि मोबाइल हाथ से छूटते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने मोबाइल इस्तेमाल करने से रोका तो वह बेचैन रहने लगीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां 15 दिन तक उनका इलाज चला। इस घटना ने बुजुर्गों में बढ़ते अकेलेपन और मोबाइल की लत से जुड़ी समस्या को सामने ला दिया है।

रील्स देखने की आदत पड़ी

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला को शुरुआत में समय बिताने के लिए मोबाइल दिया गया था। धीरे-धीरे उन्हें इंस्टाग्राम पर रील्स देखने की आदत पड़ गई। कुछ समय बाद यह आदत इतनी बढ़ गई कि वह हर वक्त मोबाइल अपने पास रखने लगीं। खाने के समय भी उनका ध्यान मोबाइल से नहीं हटता था। परिवार के लोगों ने जब मोबाइल का इस्तेमाल कम कराने की कोशिश की तो वह परेशान रहने लगीं। उनकी मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ने लगा। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

मरीजों के चुराए मोबाइल

अस्पताल में इलाज के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। वहां भर्ती पांच मरीजों के मोबाइल अचानक गायब हो गए। अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि मोबाइल बुजुर्ग महिला ने ही लिए थे। उन्होंने इन मोबाइल को अपनी तकिया के नीचे छिपाकर रखा था। डॉक्टर के मुताबिक 15 दिन के इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। विशेषज्ञ का कहना है कि बुजुर्गों को मोबाइल देना आसान है, लेकिन उनके साथ समय बिताना ज्यादा जरूरी है। परिवार के लोगों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि बुजुर्ग कितनी देर मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं और उस पर किस तरह की सामग्री देख रहे हैं।

अकेलापन भी बन रहा मोबाइल की लत की वजह

बुजुर्गों में मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के पीछे कई वजहें हैं। बच्चों का नौकरी या कारोबार के सिलसिले में घर से बाहर रहना, परिवार में बातचीत की कमी और अकेलापन इसकी बड़ी वजह हैं। सेवानिवृत्ति के बाद रोजमर्रा के काम कम हो जाते हैं। ऐसे में खाली समय बिताने के लिए बुजुर्ग मोबाइल का सहारा लेते हैं। व्हाट्सऐप, फेसबुक, यूट्यूब, धार्मिक प्रवचन, समाचार और रील्स उनके मनोरंजन का साधन बन गए हैं। रिश्तेदारों और नाती-पोतों से जुड़े रहने के लिए भी वे मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जब यही इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है तो परेशानी खड़ी हो सकती है।