मुंबई

राहुल गांधी के समर्थन में उतरे संजय राउत, कहा- भारत अगर 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था, तो जमीन पर क्यों नहीं दिखता; शिवसेना का पलटवार

Rahul Gandhi Columbia University speech: अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गरमा गई है। राहुल गांधी के 'भारत आर्थिक आपदा की ओर बढ़ रहा है' वाले बयान पर जहां शिवसेना (यूबीटी) ने समर्थन है, वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने कांग्रेस नेता पर पलटवार किया है।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 1:12 PM IST
Sanjay Raut on Rahul Gandhi statement
राहुल गांधी और संजय राउत (Photo: ANI/File)

Shiv Sena on Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान छिड़ गया है। अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने भारत के आर्थिक संकट की ओर बढ़ने की बात कही थी। उनके इस बयान का शिवसेना (शिंदे गुट) ने कड़ा विरोध किया है। वहीं, शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बताते हैं, लेकिन यह तरक्की जमीन पर भी दिखनी चाहिए।

संजय राउत बोले- राहुल गांधी ने कुछ गलत नहीं कहा

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ गलत नहीं कहा है। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी बात रखी है, जहां पूरी दुनिया उनकी बात सुनती है।

राउत ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी वहां जाकर राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए और कहना चाहिए कि वे झूठ बोल रहे हैं। इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए। मोदी जी देश में बहस करने के लिए तैयार नहीं हैं, ऐसे में उनसे विदेश में बहस करने की उम्मीद कैसे की जा सकती है?''

राज्य सभा सांसद संजय राउत ने देश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, बेरोजगारी बढ़ी है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है। देश में कई दूसरी समस्याएं भी हैं, जिन पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।

किसानों की स्थिति और सूखे के मुद्दे पर भी घेरा

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने किसानों की आत्महत्या और सूखे की स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में हजारों किसान जान दे रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई प्रभावी योजना दिखाई नहीं देती। सूखे की स्थिति गंभीर होती जा रही है और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के पास इससे निपटने के लिए पर्याप्त फंड नहीं है।

राउत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भी राज्यों को पर्याप्त आर्थिक सहायता नहीं दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताने वाले दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर देश वास्तव में इतनी बड़ी आर्थिक ताकत है तो इसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में लोग भूखे और बेरोजगार हैं। इसलिए सरकार को लोगों को मुफ्त में अनाज देना पड़ रहा है। क्या यह इस बात का संकेत नहीं है कि देश में बड़ी संख्या में लोग गरीब हैं?

शाइना एनसी का पलटवार- विदेश जाकर भारत को बदनाम कर रहे राहुल गांधी

दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता शाइना एनसी ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह कोलंबिया यूनिवर्सिटी जाकर भारत को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। शाइना एनसी ने कहा कि राहुल गांधी को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने जीएसटी कलेक्शन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, सेंसेक्स के नए उच्च स्तर और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) तथा विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि दुनिया भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में स्वीकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल को भी याद करना चाहिए, जब 2जी घोटाला, कोयला घोटाला और कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) घोटाले जैसे मामले सामने आए थे। उस समय महंगाई दर 12 फीसदी तक पहुंच गई थी।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शिवसेना नेता ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल नफरत फैलाना और विदेश जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारत की छवि खराब करना है।

'राहुल गांधी को आर्थिक संकट दिखता है, दुनिया भारत की तरक्की देख रही'

शाइना एनसी ने आगे कहा कि दुनिया भारत की तेज आर्थिक विकास दर को स्वीकार कर रही है। 'मेक इन इंडिया' की सोच वैश्विक स्तर पर पहचान बना रही है और देश में विकास की आकांक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि एक तरफ जीएसटी कलेक्शन नए रिकॉर्ड बना रहा है और सेंसेक्स नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है, वहीं राहुल गांधी को देश में आर्थिक तबाही दिखाई दे रही है। यही सोच नकारात्मक और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देती है।

मोहब्बत की दुकान नहीं, देश को विकास की दुकान चाहिए- शाइना एनसी

शाइना एनसी ने एनडीए की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए का मतलब भारत, विकास, भगवान राम, राष्ट्रीय गौरव और मजबूत अर्थव्यवस्था है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका जाकर भारत में संकट की बात करना नफरत की राजनीति है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय को देश से बाहर निकालने के डर से जुड़े राहुल गांधी के पुराने आरोपों का जिक्र कर कहा कि 11 साल बीत चुके हैं, लेकिन किसी को देश से बाहर नहीं निकाला गया है।

शिंदे गुट की नेता ने कहा, "राहुल गांधी का प्यार नकली है, जबकि मोदी जी का काम असली है। भारत को मोहब्बत की दुकान की जरूरत नहीं है, बल्कि विकसित भारत और विकास की दुकान की जरूरत है। यही एनडीए की सोच है।''

Updated on:
18 Nov 2026, 1:12 PM IST
Published on: