18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Entertainment / Bollywood / ‘मिशन मिर्ची’ की शूटिंग के बीच दर्दनाक हादसा, क्रू मेंबर की मौत के बाद कामकाज ठप

‘मिशन मिर्ची’ की शूटिंग के बीच दर्दनाक हादसा, क्रू मेंबर की मौत के बाद कामकाज ठप

Mission Mirchi Crew Member Death: सिक्किम में एक ट्रक हादसे में 46 वर्षीय टेक्नीशियन की मौत के बाद विजय वर्मा और जयदीप अहलावत की फिल्म 'मिशन मिर्ची' की शूटिंग रोक दी गई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Rashi Sharma

•

Updated: 18 Nov 2026, 12:40 PM IST

Mission Mirchi Crew Member Death

जयदीप अहलावत और विजय वर्मा की फिल्म को रोकी गई शूटिंग। (फोटो सोर्स: @itsvijayvarma and @jaideepahlawat/instagram)

Mission Mirchi Crew Member Death: सिक्किम में एक सड़क हादसे में क्रू मेंबर की मौत के बाद विजय वर्मा और जयदीप अहलावत की आने वाली फिल्म 'मिशन मिर्ची' की शूटिंग प्रभावित हुई है। शूटिंग लोकेशन से लौटते समय, शूटिंग का सामान ले जा रहे एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 46 वर्षीय टेक्नीशियन की जान चली गई।

पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना जवाहरलाल नेहरू रोड पर '5वें मील' के पास हुई। सिक्किम में फिल्म की शूटिंग 15 से 20 नवंबर के बीच होनी थी। खबरों के अनुसार, फिलहाल शूटिंग को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।

ट्रक हादसे में टेक्नीशियन पिंटू मंडल की मौत

मृतक टेक्नीशियन की पहचान पिंटू मंडल के रूप में हुई है, जो कोलकाता की एजेंसी 'लाइट एंड लाइट' (Light & Light) के साथ 'लाइट बॉय' के तौर पर काम करते थे। वह मैडॉक फिल्म्स (Maddock Films) के प्रोडक्शन 'मिशन मिर्ची' की टेक्निकल टीम का हिस्सा थे।

पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जब मंडल ड्राइवर के साथ ट्रक में सवार थे। बताया जा रहा है कि '5वें मील' इलाके के पास एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। ट्रक में फिल्म की शूटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान रखा था। क्रू मेंबर त्सोमगो झील (Tsomgo Lake) से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

सिक्किम पुलिस ने घटना की जानकारी दी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में मंडल के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सर थुटोब नामग्याल मेमोरियल (STNM) अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसके कंधे में चोटें आई हैं और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। इस बीच, 'मिशन मिर्ची' के निर्माताओं ने अब तक इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

अपकमिंग फिल्म 'मिशन मिर्ची' के बारे में

दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित, 'मिशन मिर्ची' कथित तौर पर इकबाल मिर्ची की जिंदगी की कहानी पर आधारित है। वह अंडरवर्ल्ड से जुड़ा एक ऐसा व्यक्ति था, जिसका नाम भारत के मोस्ट वॉन्टेड अपराधी दाऊद इब्राहिम के साथ जोड़ा जाता रहा है।

मोहम्मद इकबाल मेमन के रूप में जन्मे, मिर्ची पर एशिया, अफ्रीका और यूरोप में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप था। 1 जून 2004 को, 'फॉरेन नारकोटिक्स किंगपिन डेजिग्नेशन एक्ट' के तहत उस पर प्रतिबंध लगाए गए थे। इतना ही नहीं उसका नाम कथित ड्रग तस्करी के मामलों और 1993 के बॉम्बे बम धमाकों से जुड़ी जांच में भी सामने आया था। 14 अगस्त 2013 को मिर्ची की मौत हो गई। इस फिल्म का निर्देशन कुणाल देशमुख ने किया है और इसमें विजय वर्मा तथा जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में हैं।