Maharashtra Bus Accident : महाराष्ट्र परिवहन की एसटी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कई यात्री जख्मी हुए है।
Raigad ST Bus Accident : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को यात्रियों से भरी महाराष्ट्र परिवहन की एक बस हादसे का शिकार बन गई। हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोट आईं है। दुर्घटनाग्रस्त एसटी बस अलीबाग से पनवेल जा रही थी। रायगढ़ पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है।
अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस आज अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के समय बस में 45 से 50 यात्री सवार थे। इस हादसे में 4 यात्री घायल हुए है और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रायगढ़ के पोयनाड (Poynad) पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ितों को बस से बाहर निकालकर अपस्ताल भेजा गया। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। दुर्घटना तब हुई जब बस चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गया।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार एसटी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि रेलिंग की वजह से बस रुक गई, नहीं तो बस सीधे खाई में जा सकती थी और बहुत गंभीर हादसा हो सकता था।
एक दिन पहले ही महाराष्ट्र के कसारा घाट पर भीषण हादसा हुआ था। एक कंटेनर ने कम से कम सात वाहनों को टक्कर मार दी थी। जिसमें 15 लोग घायल हुए थे। हादसा मुंबई-नासिक राजमार्ग पर कसारा के पहाड़ी क्षेत्र में रविवार देर शाम हुआ। जब ब्रेक फेल होने से एक कंटेनर ट्रक ने कई कारों को टक्कर मार दी। हादसे में कुछ कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।