मुंबई

NCP विलय पर ब्रेक के बाद सुनेत्रा गुट में हलचल, शिवसेना नेता का दावा- 2-4 दिन में बड़ा फैसला लेंगे प्रदेश अध्यक्ष

Maharashtra Politics: रायगढ़ में एनसीपी के कई पदाधिकारियों और पूर्व नगरसेवकों ने शिवसेना शिंदे गुट का दामन थामा है। यहां सांसद और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे का दबदबा माना जाता रहा है, लेकिन इस बड़े दलबदल ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 6:17 PM IST
NCP Merger news
NCP अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ सुनील तटकरे (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे के राजनीतिक प्रभाव वाले इलाकों में पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। माणगांव और श्रीवर्धन में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के कई पदाधिकारियों, पूर्व नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया है। माणगांव में सुनील तटकरे के करीबी माने जाने वाले नेताओं के पार्टी छोड़ने से स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, श्रीवर्धन में भी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने की खबर है।

तटकरे के करीबी नेताओं ने छोड़ी NCP

महाराष्ट्र के मंत्री और रायगढ़ के प्रभारी मंत्री भरत गोगावले व शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी की मौजूदगी में प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। माणगांव नगर पंचायत के कई पूर्व नगरसेवकों और एनसीपी के नाराज पदाधिकारियों ने शिंदे गुट की शिवसेना में प्रवेश किया। पार्टी छोड़ने वालों में पूर्व नगरसेवक संदीप खरगटे, दिलीप जाधव, जयंत बोरडे, रत्नाकर उभारे, भाग्यश्री यादव और पूर्व उपनगराध्यक्ष नीलिमा मेहता के नाम शामिल हैं। इन नेताओं को सुनील तटकरे का करीबी समर्थक माना जाता रहा है।

श्रीवर्धन में भी NCP को झटका

सुनील तटकरे के प्रभाव वाला श्रीवर्धन विधानसभा क्षेत्र भी इस राजनीतिक घटनाक्रम के केंद्र में है। यहां एनसीपी के पूर्व तालुकाध्यक्ष दर्शन विचारे ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। उनके शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की खबरों के बीच बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के भी पार्टी छोड़ने की जानकारी सामने आई है। भरत गोगावले और महेंद्र दलवी की मौजूदगी में पार्टी प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महेंद्र दलवी का तटकरे पर निशाना, 2-4 दिन में बड़े फैसले का दावा

माणगांव में पार्टी प्रवेश कार्यक्रम के दौरान शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी ने सुनील तटकरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि सुनील तटकरे अगले दो से चार दिनों में कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनसीपी में अब तटकरे को पहले जैसा महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक सफर में तटकरे ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के बजाय कई लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया। अजित पवार के निधन को नौ महीने हो चुके है और तटकरे ऐसे बयान दे रहे, जो ठीक नहीं है। आने वाले समय में जनता उन्हें सही जवाब देगी।

शिवसेना नेता ने आगामी चुनावों में तटकरे के खिलाफ चुनाव लड़ने की खुली चुनौती भी दी। उन्होंने श्रीवर्धन को फिर से शिवसेना का मजबूत गढ़ बनाने का संकल्प भी जताया। महेंद्र दलवी ने कहा कि श्रीवर्धन विधानसभा क्षेत्र पहले शिवसेना का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन सुनील तटकरे ने यहां अपना राजनीतिक प्रभाव स्थापित किया। अब शिवसेना इस क्षेत्र में दोबारा अपनी पैठ जमाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

खास बात यह है कि राज्य में महायुति सरकार में शिवसेना और एनसीपी दोनों सहयोगी दल हैं, लेकिन रायगढ़ में दोनों पार्टियों के बीच स्थानीय राजनीतिक प्रतिस्पर्धा कोई नई बात नहीं है। इसके अलावा यह दलबदल तब हुआ, जब एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर बात रुक गई है।

Updated on:
15 Nov 2026, 6:17 PM IST
Published on: