मुंबई

Kapil Sharma: बॉम्बे कहने पर कपिल शर्मा पर भड़की राज ठाकरे की पार्टी, कहा- टपिल टपिल कहेंगे तो चलेगा…

MNS warn Kapil Sharma : मनसे नेता ने कहा, मुंबई का नाम बदले हुए 30 साल हो चुके हैं, लेकिन अब भी फिल्मी सितारे, एंकर और यहां तक कि सांसद भी बॉम्बे कहते हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

2 min read
Sep 11, 2025
कपिल शर्मा को मनसे ने दी चेतावनी (Photo: FB)

देश के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' एक बार फिर विवादों में घिर गया है। लेकिन इस बार मामला सियासत से जुड़ा है, दरअसल शो में मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने कड़ा एतराज जताया है। राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने आरोप लगाया कि कपिल शर्मा के शो में आने वाले बॉलीवुड सेलेब्रिटी और मेहमान मुंबई को बार-बार ‘बॉम्बे’ कहते है, जिससे हमारी भावनाएं आहत होती है। मनसे ने कपिल शर्मा को आगे से बॉम्बे नहीं कहने की चेतावनी भी दी है।

मनसे के सिनेमा विंग के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने कपिल शर्मा को चेतावनी देते हुए कहा है कि आगे से शो में ‘बॉम्बे’ शब्द का इस्तेमाल बंद किया जाए। विवाद तब शुरू हुआ जब शो का एक एपिसोड सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें एक्ट्रेस हुमा कुरैशी अपने भाई साकिब सलीम और शिल्पा-शमिता शेट्टी के साथ पहुंचीं थीं। बातचीत के दौरान हुमा ने जब मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहा तो मनसे ने इसे गंभीर मुद्दा मानते हुए विरोध दर्ज कराया।

ये भी पढ़ें

राज ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, मनसे कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़

मनसे नेता ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस क्लिप को साझा करते हुए लिखा, “बॉम्बे का नाम आधिकारिक रूप से मुंबई हुए 30 साल बीत चुके हैं, लेकिन फिर भी बॉलीवुड में, कपिल शर्मा शो में आने वाले सेलेब्रिटी गेस्ट, दिल्ली के राज्यसभा सांसद, शो एंकर और कई हिंदी फिल्मों में लगातार 'बॉम्बे' शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है। 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार से आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता से भी पहले बॉम्बे का नाम मुंबई रखा गया था। इसलिए इसका मान रखते हुए मुंबई कहा जाए, इसे विनती और चेतावनी समझा जाए।“

मीडिया से बात करते हुए खोपकर ने कहा, “मुंबई सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान और गर्व का प्रतीक है। चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे शहरों के नाम बदले गए तो लोग उसे उसी नाम से बुलाते हैं। फिर मुंबई को बार-बार बॉम्बे क्यों कहा जाता है?”

मनसे नेता ने याद दिलाया कि 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार ने आधिकारिक रूप से बॉम्बे का नाम बदलकर मुंबई कर दिया था। उन्होंने कपिल शर्मा और शो की टीम को आगाह करते हुए कहा कि वे इस गलती को न दोहराएं। खोपकर ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि अगर कपिल को ‘टपिल शर्मा’ कहकर पुकारा जाए तो क्या उन्हें अच्छा लगेगा? उन्हें कोई टपिल टपिल टपिल कहेगा तो गुस्सा नहीं आएगा क्या?

फिलहाल इस विवाद पर कपिल शर्मा और उनकी टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। बता दें कि नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे इस शो में कपिल शर्मा के साथ अर्चना पूरन सिंह, सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।

Updated on:
11 Sept 2025 07:03 pm
Published on:
11 Sept 2025 07:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर