मुंबई

नए साल के पहले दिन महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 8 की मौत, 10 घायल

Maharashtra Accident : महाराष्ट्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हो गई।

2 min read
Jan 01, 2025

महाराष्ट्र के जालना जिले (Jalna Accident) में नए साल के पहले दिन हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे में 2 लोग घायल हो गए। जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा जालना शहर में सोलापुर-धुले हाईवे पर महाकाला क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, जालना में सोलापुर-धुले हाईवे पर आज दोपहर में एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। ये हादसा इतना भयानक था कि कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

नए साल के मौके पर पीड़ित परिवार अक्कलकोट से गणपुर जा रहा था, तभी यह भयानक दुर्घटना का शिकार हो गए। हाईवे पर खड़े एक ट्रक को बीड से संभाजीनगर की ओर जा रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे की जानकारी मिलते ही गोंदी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन को हटाया।

सोलापुर में 4 की मौत, 8 जख्मी

नए साल के पहले दिन हुआ ये इकलौता हादसा नहीं है, ऐसी ही एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सोलापुर जिले (Solapur Accident) में भी हुई है। भगवान के दर्शन के लिए गए भक्तों पर काल की मार पड़ी है। इस भीषण हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई है। 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अक्कलकोट ग्रामीण स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि पीड़ितों ने अक्कलकोट में स्वामी समर्थ और गंगापुर में श्री दत्त के मंदिर के दर्शन की योजना बनायीं थी। इसके लिए वे नांदेड से सोलापुर आये थे। उन्होंने अक्कलकोट में श्री स्वामी समर्थ के दर्शन किये। इसके बाद वह स्कार्पियो में सवार होकर गंगापुर की ओर जा रहा था। रास्ते में भीषण एक्सीडेंट हो गया

घटना बुधवार सुबह की है। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। श्रद्धालुओं की कार को किसी अन्य वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Published on:
01 Jan 2025 04:56 pm
Also Read
View All