
MaharashtraNews: महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। दिवाली की छुट्टियां बिताने अपने पैतृक गांव आए वसई के सीनियर सिविल जज की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तुकाराम उर्फ अजित पतंगराव मोटे (43) के रूप में हुई है। खेत में गिरी 11 KV हाईटेंशन बिजली की तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिवाली की छुट्टियां बिताने गांव आए जज तुकाराम मोटे की अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद उनके गांव देशिंग में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दर्दनाक हादसा सांगली जिले के कवठे महांकाल तालुका के देशिंग गांव में शनिवार को हुआ। जानकारी के मुताबिक, तुकाराम मोटे दिवाली की छुट्टियां बिताने अपने पैतृक गांव आए हुए थे। शनिवार को उनके घर के पास स्थित खेत में गन्ने की फसल में अचानक आग लग गई।
खेत में आग कैसे लगी, यह देखने के लिए तुकाराम मोटे वहां पहुंचे। इसी दौरान खेत में जमीन पर टूटी हुई 11 KV हाईटेंशन बिजली की तार के संपर्क में आ गए। तार में बिजली का प्रवाह होने के कारण उन्हें जोरदार करंट लगा। बिजली का झटका इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तुकाराम मोटे का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल था। उन्होंने बचपन से ही बेहद कठिन आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी पढ़ाई पूरी की थी। तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर न्यायाधीश के पद तक पहुंचे।
वह वर्तमान में पालघर जिले के वसई न्यायालय में वरिष्ठ स्तर के सिविल जज के रूप में कार्यरत थे। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे इलाके को गर्व था। ऐसे में महज 43 वर्ष की उम्र में उनका अचानक दुनिया से चले जाना परिवार और गांव के लोगों के लिए बड़ा सदमा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कवठे महांकाल पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया है और मामले में आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
दिवाली की छुट्टियां परिवार और अपने गांव के लोगों के साथ बिताने आए तुकाराम मोटे की इस तरह असामयिक मौत से मोटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संघर्ष के दम पर न्यायाधीश बनने वाले एक होनहार अधिकारी के निधन से पूरे देशिंग गांव में शोक का माहौल है।