मुंबई

‘किसी का घर नहीं उड़ने देंगे’, संजय राउत के ‘बम और 5 मर्डर’ वाले आरोप पर CM फडणवीस का करारा जवाब; मुंबई पुलिस कमिश्नर को लिखी चिट्ठी

Devendra Fadnavis Nagpur: शिंदे गुट में शामिल हुए सांसद संजय दीना पाटिल पर संजय राउत ने लगाया 'बम मारने और 5 मर्डर करने' की धमकी देने का आरोप। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में कहा कि 'राज्य में किसी का घर उड़ने नहीं देंगे, दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई।'
2 min read
Jun 25, 2026
Devendra Fadnavis Nagpur
संजय राउत के 'बम और 5 मर्डर' वाले आरोप पर CM फडणवीस का करारा जवाब।

Sanjay Dina Patil Threat:महाराष्ट्र में सांसदों के दलबदल को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच अब 'बमबाजी' और 'मर्डर' की धमकियों वाले बयानों ने राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया है। शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत द्वारा उत्तर-पूर्व मुंबई के सांसद संजय दीना पाटिल पर प्रदर्शनकारियों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाए जाने के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाया है। नागपुर में मीडिया से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने साफ कहा कि राज्य में किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से बात करते हुए जनता और प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अगर सांसद संजय पाटिल ने इस तरह की कोई धमकी दी है, तो पुलिस कानून के मुताबिक उचित और सख्त कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा?

'हम महाराष्ट्र में किसी का भी घर उड़ाने की इजाजत नहीं देंगे और न ही किसी को इस तरह की धमकी देने देंगे। किसी को भी ऐसी धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है। अगर कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेकर धमकियां दे रहा है, तो पुलिस उसके खिलाफ कानून के दायरे में रहकर बेहद सख्त और उचित कार्रवाई करेगी।'

'सांसद ने खुद कुबूली 5 मर्डर की बात'

इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मुंबई के पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को एक पत्र लिखकर उत्तर-पूर्व मुंबई के सांसद संजय दीना पाटिल के खिलाफ आतंक फैलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की थी।

संजय राउत ने अपने पत्र में बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि संजय पाटिल ने प्रदर्शनकारियों से कहा है कि'मुझसे पंगा मत लो; मेरे खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने से पहले अपना लाइफ इंश्योरेंस (जीवन बीमा) करवा लो। मैं तुम्हें सीधे श्मशान घाट या अस्पताल भेज दूंगा। राउत ने दावा किया कि पाटिल ने प्रदर्शनकारियों पर बम फेंकने की धमकी दी है। यही नहीं, राउत के मुताबिक पाटिल ने खुद कबूल किया है कि 'मैं पहले भी पांच लोगों की हत्या कर चुका हूं।' राउत ने मांग की कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि वे पांच लोग कौन थे और पाटिल ने उन्हें कब और क्यों मारा था।

क्यों भड़का है जन आक्रोश?

दरअसल, हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के 6 लोकसभा सांसदों ने पाला बदलकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया था। इन 6 सांसदों में संजय दीना पाटिल भी शामिल थे। संजय राउत का कहना है कि इस दलबदल और धोखे के कारण महाराष्ट्र के मतदाताओं में भारी गुस्सा है और वे लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे बौखलाकर 'बागी' सांसद अब गुंडागर्दी और जान से मारने की धमकियों पर उतर आए हैं।

Published on:
25 Jun 2026 11:47 am