
Balasaheb Thackeray Photo: महाराष्ट्र में सोनिया गांधी की किताब को लेकर शिवसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस वक्त बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब पार्टी की महिला प्रवक्ता शायना एनसी ने गलती से बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर ही फाड़ दी। दरअसल, शिवसेना प्रवक्ता सोनिया गांधी की किताब ‘द बुक ऑफ लव: ए जर्नी’ में वीर सावरकर को लेकर लिखे गए कथित आपत्तिजनक अंश का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान तस्वीरें फाड़ते समय शायना एनसी के हाथ से गलती से बालासाहेब ठाकरे का फोटो फट गया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी की किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के बारे में अपमानजनक बातें लिखी गई हैं। इसी के विरोध में पार्टी के छह प्रवक्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना नेताओं ने सवाल उठाया कि अगर किताब में सावरकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है तो उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाएंगे। इस दौरान नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब और उससे जुड़ी कुछ तस्वीरें भी पत्रकारों को दिखाईं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक तस्वीर उद्धव ठाकरे की दिखाई गई, जिसमें वह सोनिया गांधी की किताब की प्रति लेते नजर आ रहे थे। इसके अलावा बालासाहेब ठाकरे और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की पुरानी तस्वीर भी दिखाई गई। शिवसेना नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2004 में सावरकर के मुद्दे को लेकर बालासाहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के खिलाफ विरोध जताया था। इसी संदर्भ का हवाला देते हुए उद्धव ठाकरे से भी सावरकर के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब की प्रतियों और उद्धव ठाकरे की तस्वीर को फाड़कर अपना विरोध जताया। इसी दौरान शायना एनसी से गलती हो गई और उनके हाथ से बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फट गई। चूंकि पूरा घटनाक्रम कैमरे के सामने हुआ, इसलिए यह वीडियो सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया। संजय निरुपम ने तुरंत शायना एनसी को बताया कि उनके हाथ में बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर है। इसके बाद शायना एनसी ने वह फोटो नीचे रख दिया।
घटना के बाद शायना एनसी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे उनके लिए बेहद सम्मानित हैं और पार्टी उनके विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सावरकर के खिलाफ किताब में कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया था।
शायना एनसी ने यह भी कहा कि मणिशंकर अय्यर की तस्वीर वह एक बार नहीं, बल्कि हजार बार फाड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे को अपना दैवत बताते हुए कहा कि उनके विचारों को लेकर ही वे आगे बढ़ रही हैं। इस घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्षी नेताओं की ओर से भी शायना एनसी की इस गलती को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।