18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / 15 से 20 लाख रुपए दो और बन जाओ डॉक्टर! महाराष्ट्र में फर्जी मेडिकल रजिस्ट्रेशन गिरोह का पर्दाफाश, 16 गिरफ्तार

15 से 20 लाख रुपए दो और बन जाओ डॉक्टर! महाराष्ट्र में फर्जी मेडिकल रजिस्ट्रेशन गिरोह का पर्दाफाश, 16 गिरफ्तार

महाराष्ट्र साइबर विभाग ने फर्जी मेडिकल रजिस्ट्रेशन कराने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह FMGE परीक्षा में असफल विदेशी मेडिकल छात्रों से 15 से 20 लाख रुपए लेकर महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में फर्जी रजिस्ट्रेशन कराता था। मामले में अब तक 13 मेडिकल छात्रों समेत 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 18 Nov 2026, 2:51 PM IST

Maharashtra Fake Medical Registration Scam

महाराष्ट्र साइबर विभाग के पुलिस उपायुक्त अजय कुमार बंसल (Photo: IANS Video grab)

नवी मुंबई। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने फर्जी मेडिकल रजिस्ट्रेशन कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करके भारत लौटने वाले उन छात्रों को निशाना बनाता था, जो फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन में असफल हो जाते थे।

गिरोह के सदस्य 15 से 20 लाख रुपए प्रति उम्मीदवार लेकर महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल की वेबसाइट पर उनका फर्जी रजिस्ट्रेशन कर देते थे। इस मामले में अब तक 13 ऐसे मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने इस फर्जीवाड़े का लाभ उठाया था। इसके अलावा, गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

FMGE में फेल छात्रों को बनाते थे निशाना

महाराष्ट्र साइबर विभाग के पुलिस उपायुक्त अजय कुमार बंसल ने बताया कि विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करके भारत लौटने वाले छात्रों को प्रैक्टिस करने के लिए फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन पास करना होता है। इस परीक्षा को पास करने के बाद ही उनकी विदेशी एमबीबीएस डिग्री को भारत में मान्यता मिलती है और वे डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने के पात्र होते हैं। उन्होंने बताया कि हर साल बड़ी संख्या में छात्र इस परीक्षा में असफल हो जाते हैं। ऐसे छात्रों को निशाना बनाने के लिए एक गिरोह सक्रिय था, जो उनसे संपर्क करके मोटी रकम के बदले महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में फर्जी रजिस्ट्रेशन कराने का प्रस्ताव देता था।

15 से 20 लाख रुपए में तैयार करते थे फर्जी रजिस्ट्रेशन

अजय कुमार बंसल ने बताया कि गिरोह प्रत्येक उम्मीदवार से 15 से 20 लाख रुपए लेने का काम था। इसके बाद आरोपी फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करते थे और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल की वेबसाइट पर छात्रों के नाम दर्ज कर देते थे। इसके लिए गिरोह के सदस्य मेडिकल काउंसिल के सर्वर की सुरक्षा व्यवस्था को बाइपास करके रिकॉर्ड में अनधिकृत तरीके से बदलाव करते थे। महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल को सबसे पहले इस गड़बड़ी का पता चला था। इसके बाद करीब एक से सवा महीने पहले काउंसिल ने महाराष्ट्र साइबर विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद साइबर विभाग ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।

नासिक, भोपाल और गाजियाबाद से जुड़े हैं मुख्य आरोपी

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें राहुल पाटिल शामिल है, जो नासिक का रहने वाला है और महाराष्ट्र में गिरोह का नेटवर्क संभालता था। दूसरा आरोपी भोपाल से जुड़ा है, जबकि तीसरे मुख्य आरोपी का नाम शिवम सिंह है, जो गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, शिवम सिंह एमबीए की पढ़ाई कर चुका है और 50 बेड का अस्पताल भी संचालित करता है। इस मामले में अब तक कुल 16 गिरफ्तारियां हुई हैं, जिनमें 13 लाभार्थी मेडिकल छात्र और गिरोह के तीन मुख्य आरोपी शामिल हैं।

8 से 10 और आरोपियों की हो सकती है गिरफ्तारी

अजय कुमार बंसल ने बताया कि इस गिरोह में कुछ साइबर हैकर भी शामिल हैं, जिन्होंने सर्वर की सुरक्षा व्यवस्था को बाइपास करके फर्जी रजिस्ट्रेशन कराने में मदद की थी। फिलहाल ये आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। मामले में 8 से 10 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े के जरिए कितने लोगों ने मेडिकल रजिस्ट्रेशन हासिल किया और क्या किसी ने इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मरीजों का इलाज भी किया है। पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी मरीज को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।