
Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। पार्टी प्रमुख शरद पवार के नेतृत्व में युवा और छात्र संगठनों में नई नियुक्तियों का ऐलान किया गया है। सबसे अहम फैसला युवा संगठन के ढांचे में बदलाव का है। अब पार्टी ने पहली बार महाराष्ट्र में युवा विंग के लिए अलग-अलग शहर और ग्रामीण प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले के मार्गदर्शन तथा प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे की मंजूरी से ये नियुक्तियां की गई हैं। इसे आगामी वर्षों में होने वाले चुनावों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पार्टी के छात्र संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सुनील गव्हाणे का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सुशील बोर्डे को महाराष्ट्र प्रदेश छात्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे और राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले की उपस्थिति में की गई। वहीं, राम राठौड़ को शिक्षक प्रकोष्ठ का राज्य प्रमुख नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने युवा संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए एक ही प्रदेशाध्यक्ष की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब संगठन को दो हिस्सों में बांटा गया है। विशाल शंकर वाकडकर को महाराष्ट्र प्रदेश राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) का शहर प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं पार्टी जल्द ही ग्रामीण क्षेत्र के लिए भी अलग प्रदेशाध्यक्ष के माध्यम से संगठन को मजबूत करेगी।
इससे पहले पार्टी ने युवती संगठन में भी इसी तरह का बदलाव किया था। मनाली भिलारे को शहर प्रदेशाध्यक्ष और अमृता कालदाते को ग्रामीण प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उसी मॉडल को युवा संगठन में भी लागू किया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शरद पवार संगठन में नई टीम तैयार कर युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। लगातार किए जा रहे इन बदलावों को संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।