
Shivaji Maharaj statue in Sindhudurg : महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में मराठा योद्धा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा सोमवार को अचानक ढह गई। इस विशाल प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल दिसंबर महीने में किया था। बताया जा रहा है कि मालवण (Malvan) में राजकोट किले (Rajkot Fort) पर स्थापित शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा आज दोपहर करीब 1 बजे गिर गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा गिर गई है। फ़िलहाल प्रतिमा के गिरने का सही कारण पता नहीं चल सका है। लेकिन माना जा रहा है कि सिंधुदुर्ग जिले में पिछले 2-3 दिनों से भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही थीं। जिसके चलते विशाल प्रतिमा के गिरने की आशंका जताई जा रही है।
शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के साथ ही महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर भी कटाक्ष किया है। विपक्षी दलों ने शिवाजी महाराज की मूर्ति स्थापित करने की परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि इस प्रतिमा का अनावरण पीएम मोदी ने पिछले साल 4 दिसंबर को किले पर नौसेना दिवस (Navy Day) समारोह के हिस्से के रूप में किया था।