
Owaisi on UAPA: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के मौके पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपीए सरकार के दौर का एक पुराना किस्सा छेड़ दिया। उन्होंने सोनिया गांधी के प्रति सम्मान जताया, लेकिन साथ ही कांग्रेस सरकार के एक फैसले पर सवाल भी उठाए। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने यूपीए सरकार के साथ रहते हुए भी UAPA कानून का विरोध किया था। उस समय उन्होंने आशंका जताई थी कि इस कानून का इस्तेमाल मुसलमानों, आदिवासियों और बुद्धिजीवियों के खिलाफ हो सकता है।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान ओवैसी ने कहा कि सोनिया गांधी के लिए उनके मन में आज भी बहुत सम्मान है और आगे भी रहेगा। उन्होंने बताया कि वह 2004 से 2012 तक यूपीए के साथ रहे थे। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर उन्होंने सरकार का समर्थन किया था। भारत-अमरीका परमाणु समझौता भी इनमें शामिल था।
हालांकि, ओवैसी ने साफ किया कि सरकार के साथ रहने का मतलब उसके हर फैसले का समर्थन करना नहीं था। उन्होंने कहा कि जब यूपीए सरकार ने पोटा (POTA) कानून खत्म कर UAPA में बदलाव किए, तब उन्होंने इसका विरोध किया था और संसद में इसके खिलाफ वोट दिया था।
ओवैसी ने कहा कि संसद में इस कानून का विरोध करते हुए उन्होंने आगाह किया था कि इसका इस्तेमाल मुसलमानों, आदिवासियों और बुद्धिजीवियों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अपने भाषण में उन्होंने आतंकवाद की परिभाषा को लेकर सवाल उठाए थे। ओवैसी के मुताबिक, उनका पुराना भाषण आज भी संसद के रिकॉर्ड में देखा जा सकता है।
ओवैसी ने अपने पुराने विरोध को आज के हालात से जोड़ते हुए शरजील इमाम और उमर खालिद का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि आज अदालत ने इन दोनों को जमानत देने से इनकार करते हुए कानून के उसी पहलू का हवाला दिया है, जिस पर उन्होंने संसद में सवाल उठाए थे।
इस तरह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के मौके पर ओवैसी ने एक तरफ उनके प्रति अपना सम्मान जताया तो दूसरी तरफ कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के फैसले की याद भी दिला दी। उनका बयान यह सवाल फिर सामने लाता है कि जिस कानून के दुरुपयोग की आशंका उन्होंने उस समय जताई थी, आज उसके इस्तेमाल को लेकर बहस क्यों जारी है।