वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने न केवल मंत्रिमंडल में उनकी जगह संभाली है, बल्कि अब उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।
महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने पार्टी की बैठक में उनके नाम की घोषणा की और सभी विधायकों ने हाथ उठाकर समर्थन दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को प्रफुल्ल पटेल ने बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को बैठक में मौजूद विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा आगामी 26 फरवरी को की जाएगी। इस दिन एनसीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक बुलाई गई है, जहां अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया को आधिकारिक रूप से पूरा किया जाएगा।
बता दें कि 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने न केवल मंत्रिमंडल में उनकी जगह ली है, बल्कि उन्हें पुणे और बीड जिले के पालक मंत्री की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
अध्यक्ष पद के लिए नाम तय होने के बाद विधायकों को संबोधित करते हुए सुनेत्रा पवार भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि अजित दादा हमें इस तरह छोड़कर चले जाएंगे, लेकिन आज यह संकट हमारे सामने खड़ा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा न होते हुए भी पार्टी और कार्यकर्ताओं के हित में उन्हें यह जिम्मेदारी स्वीकार करनी पड़ रही है। उन्होंने विधायकों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि वे सभी संकटों में उनके साथ खड़ी रहेंगी और हर कार्यकर्ता को ताकत देने का काम करेंगी।
उन्होंने कहा कि अजित दादा के जाने के बाद पार्टी के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन सभी मिलकर इनका सामना करेंगे और संगठन को मजबूत बनाएंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि यह साप्ताहिक बैठक पहले अजित पवार बुलाते थे, अब सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में बजट से जुड़े कार्यों और हालिया चुनाव परिणामों और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
तटकरे ने भरोसा जताया कि जिस तरह अजित पवार महाराष्ट्र को गति देने का प्रयास करते थे, उसी तरह सुनेत्रा पवार भी पार्टी और सरकार की जिम्मेदारियां संभालेंगी। उन्होंने आगे जानकारी दी कि 23 फरवरी को अजित पवार की याद में शोक सभा आयोजित की जाएगी और 26 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विलय के मुद्दे पर इस बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई और फिलहाल संगठन को मजबूत करने पर फोकस है।