मुंबई

ठाणे में दिखा रफ्तार का कहर, कार ने बाइक और राहगीरों को मारी टक्कर, 1 की मौत, 3 जख्मी

Thane Kalyan Accident: ठाणे के खड़कपाडा पुलिस स्टेशन के हद में बीती रात को बरवे रोड के पास कार ने बाइक सवारों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। जिसमें से एक शख्स की जान चली गई।

less than 1 minute read
Apr 03, 2023
Truck driver killed in road accident in Thane
ठाणे में सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत

Thane Kalyan News: मुंबई से सटे ठाणे जिले के कल्याण इलाके में बेकाबू रफ्तार एक बड़े हादसे की वजह बनी है। जानकारी के मुताबिक, कल्याण में एक कार ने बाइक और कुछ राहगीरों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 40 वर्षीय एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खड़कपाडा पुलिस स्टेशन के हद में रविवार रात को बरवे रोड के पास कार ने बाइक सवारों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। खड़कपाडा थाने के अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सड़क किनारे स्थित भोजनालय के नजदीक हुई। यह भी पढ़े-हीरोपंती पड़ी भारी! मुंबई में 2 लड़कियों के बीच बैठकर लड़के ने बाइक पर किया स्टंट, गिरफ्तार

हादसे में घायल 36 वर्षीय शिक्षक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और उसका एक दोस्त किरणदास राठौड़ बाइक से जा रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। कार की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक से गिर पड़े और घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद राठौड़ को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दो राहगीर भी जख्मी हुए हैं जिनका कल्याण के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कार चालक की पहचान कर ली गई है। लेकिन उसकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

Published on:
03 Apr 2023 04:16 pm