मुंबई

Thane Metro: 20 साल के इंतजार के बाद ठाणे में दौड़ी मेट्रो, इन 10 स्टेशनों पर ट्रायल रन शुरू

मुंबई मेट्रो 4-ए के अंतर्गत आने वाले ठाणे मेट्रो के शहर में 10 स्टेशन हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों से इन स्टेशनों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। इससे ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2025, 1:32 PM IST
Thane Diva Metro update
ठाणे-दिवा मेट्रो का सपना होगा साकार, आ गई बड़ी खुशखबरी (Patrika File Photo)

Mumbai Metro Line 4 Green Line: मुंबई के पड़ोसी ठाणे शहर में रहने वाले लाखों लोगों का दो दशक पुराना सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। मुंबई की तरह ही ठाणे भी आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों में गिना जाता है। यहां जनसंख्या के साथ-साथ वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया है कि रोजाना यातायात जाम लोगों की सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। खासकर शहर के प्रमुख घोडबंदर रोड से जुड़े इलाकों में लोगों के घंटे के घंटे जाम में निकल जाते हैं। लेकिन अब ठाणे शहर की पहली मेट्रो इस मुसीबत से छुटकारा दिलाने के लिए तैयार है। ग्रीन लाइन के तहत आने वाले ठाणे मेट्रो का पहला ट्रायल रन आज (22 सितंबर) से शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई मेट्रो लाइन-4 को हरी झंडी दिखाई। मेट्रो लाइन-4 के तहत कैडबरी जंक्शन से गायमुख तक 10.5 किलोमीटर लंबे इस पहले चरण में कुल 10 स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें कैडबरी जंक्शन, माजीवाड़ा, कपूरबावड़ी, मानपाडा, टिकुजी-नी-वाडी, डोंगरी पाड़ा, विजय गार्डन, कासरवडावली, गव्हानपाडा, गायमुख स्टेशन शामिल हैं।

मेट्रो-4 को ग्रीन लाइन भी कहा जा रहा है। 32.3 किलोमीटर लंबी यह लाइन मुंबई के वडाला से ठाणे के कासरवडावली तक दौड़ेगी और पूर्वी उपनगरों से मुंबई को जोड़ेगी।

यह प्रोजेक्ट आसान नहीं था। ठाणे मेट्रो की मांग करीब 20 साल पुरानी है। उपमुख्यमंत्री और ठाणे के विधायक एकनाथ शिंदे ने कहा कि 20 साल पहले हमने मेट्रो की मांग को लेकर आंदोलन किया था और तब हमें निलंबन तक झेलना पड़ा था। 2014 में भाजपा-शिवसेना सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी और शिंदे ने ठाणे जिले के संरक्षक मंत्री के तौर पर इसकी गति तेज की।

मिली जानकारी के मुताबिक, एमएमआरडीए (MMRDA) का लक्ष्य है कि साल के अंत तक ठाणे मेट्रो को शुरू कर दिया जाएं। यानी जल्द ही ठाणेवासियों के लिए इंतजार खत्म होने जा रहा है। ठाणे मेट्रो के शुरू होते ही न सिर्फ ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि शहर में सफर करना भी बेहद आसान और तेज हो जाएगा।

Updated on:
22 Sep 2025, 1:32 PM IST
Published on: