मुंबई

टाइगर श्रॉफ की इस फैसले से बची जान? खुद डिप्टी सीएम को सुनाई आपबीती, लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर यह कहा

Tiger Shroff Attack: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अभिनेता ने कथित तौर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से कहा कि उन्हें कोई धमकी नहीं मिली थी। मुंबई पुलिस ने अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी है।
3 min read
• •
Oct 19, 2026
Tiger Shroff Firing Case update
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस, पुलिस की 15 टीमें जांच में जुटीं (Photo: IANS)

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को पकड़ा है। हमलावरों की बाइक भी बरामद कर ली गई है। उधर, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार देर रात अभिनेता के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। इस दौरान टाइगर ने कथित तौर पर शिंदे से कहा कि उन्हें न तो किसी तरह की धमकी मिली थी और न ही किसी से दुश्मनी थी। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उन्हें निशाना क्यों बनाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुलाकात के दौरान टाइगर ने यह भी बताया कि वह आमतौर पर वीकेंड पर फुटबॉल खेलने के बाद प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। हालांकि, रविवार को थकान के कारण उन्होंने प्रशंसकों के साथ फोटो नहीं खिंचवाए। बताया जा रहा है कि इस फैसले के कारण वह जानलेवा हमले से बच गए।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग क्यों हुई?

रविवार शाम जुहू इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगने से वह गंभीर तौर पर जख्मी हुआ। उन्हें इलाज के लिए नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उनका हाल जाना। रिपोर्ट्स में मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है, अभिनेता ने शिंदे को बताया कि उन्हें किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी और न ही उनकी किसी से दुश्मनी थी। उन्होंने यह भी कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग या अभिनेता सलमान खान से जुड़े किसी मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।

फिलहाल, फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम चर्चा में क्यों?

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। इस गैंग का नाम पहले भी सलमान खान समेत कुछ अन्य फिल्मी हस्तियों से जुड़े धमकी और हमले के मामलों में सामने आ चुका है।

हालांकि, टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले में गैंग की भूमिका और सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इसलिए इस दावे को जांच का विषय माना जा रहा है।

टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने उनके पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ से भी बातचीत की। उपमुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

एकनाथ शिंदे की चेतावनी, ‘गोली का जवाब गोली से मिलेगा’

टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद एकनाथ शिंदे ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “अब जैसे को तैसा जवाब दिया जाएगा, गोली का जवाब गोली से मिलेगा।”

शिंदे ने इससे पहले भी मुंबई में गैंगवार और आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही थी। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

क्राइम ब्रांच कर रही है फायरिंग मामले की जांच

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। पुलिस हमलावरों को मुंबई ला रही है। जांच के दौरान कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।

अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभिनेता की कार को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी और क्या इस घटना का सच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग गिरोह से संबंध है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इन सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकेंगे।

Updated on:
19 Oct 2026 02:43 pm
Published on:
19 Oct 2026 02:21 pm