
Tipu Sultan Row: महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस विधायक अमित देशमुख की ओर से टीपू सुल्तान की तस्वीर पर फूल चढ़ाने के बाद शिवसेना ने उन पर हमला बोला है। पार्टी नेता आनंद दुबे ने कहा कि टीपू सुल्तान उनके आदर्श नहीं हैं। उनके आदर्श छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज हैं। दुबे ने इस मामले को लेकर कांग्रेस की सोच पर भी सवाल उठाए।
आनंद दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र शाहू, फुले और आंबेडकर की धरती है। यहां के लोगों के आदर्श छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। उन्होंने कहा कि टीपू सुल्तान को कोई अपना नेता या आदर्श मानता है तो यह उसकी पसंद हो सकती है, लेकिन उनके लिए शिवाजी महाराज ही पूजनीय हैं। महाराष्ट्र की पहचान अपने महापुरुषों और उनके विचारों से है।
आनंद दुबे ने अमित देशमुख के पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का जिक्र करते हुए कहा कि वे राज्य के बड़े और सम्मानित नेता थे। ऐसे में उनके बेटे का टीपू सुल्तान की तस्वीर पर फूल चढ़ाना हैरान करने वाला है। दुबे ने आरोप लगाया कि अमित देशमुख ने वोटों को ध्यान में रखकर ऐसा किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि टीपू सुल्तान, औरंगजेब, मुगल शासक और बाबर कांग्रेस के नेताओं के आदर्श रहे हैं। दुबे का कहना है कि जब भी इन शासकों को लेकर कोई सवाल उठाता है तो कांग्रेस के नेता विरोध करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज ही असली नायक हैं।
दरअसल, विवाद की शुरुआत लातूर में आयोजित टीपू सुल्तान जयंती कार्यक्रम से हुई। कांग्रेस विधायक अमित देशमुख इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने टीपू सुल्तान की तस्वीर पर फूल चढ़ाए। कार्यक्रम में सांसद शिवाजी कालगे और स्थानीय नेता भी मौजूद थे। इस दौरान मुंबई के कव्वाल अजीम नाजा ने कव्वाली पेश की।
कार्यक्रम के बाद अमित देशमुख ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने आयोजन को आपसी मेलजोल, सम्मान और भाईचारे से जोड़कर पेश किया। लेकिन तस्वीरें सामने आने के बाद भाजपा और शिवसेना के नेताओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। अब आनंद दुबे के बयान से यह विवाद महाराष्ट्र की राजनीति में फिर चर्चा का विषय बन गया है।