मुंबई

उत्तरप्रदेश के राज्यपाल ने महाराष्ट्र व यूपी के पुराने रिश्तों को किया उजागर

राज्यपाल राम नाईक ने 'राज भवन में राम नाईक' के चतुर्थ कार्यवृत्त पुस्तक का हिंदी और उर्दू भाषा में विमोचन भी किया...
2 min read
• •
Updated: 24 Jul 2018, 7:38 PM IST
Feature image

(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): उत्तर प्रदेश को सवोत्तम प्रदेश बनाने के लिए प्रदेश में कार्य शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत यूपी में अब कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने और चौबीस घंटे बिजली देने को लेकर एक रणनीति के तहत काम होगा। ये उद्गार उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई प्रेस क्लब में मंगलवार को हिंदी पत्रकार संघ की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में व्यक्त किये।

बता दें कि 22 जुलाई, 2018 को राज्यपाल पद पर रहते हुए राम नाईक ने चार साल पूरे किये हैं। इसी के चलते अपने चार वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए राज्यपाल राम नाईक ने 'राज भवन में राम नाईक' के चतुर्थ कार्यवृत्त पुस्तक का हिंदी और उर्दू भाषा में विमोचन भी किया। मुंबई निवासी यूपी के राज्यपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश आज विकास की राह पर अग्रसर है और शिक्षा प्रणाली व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी में इस बार करीब 18 वर्षों के बाद विधान परिषद में राज्यपाल को पूरा भाषण पढऩे का मौका मिला है।

चौथे वर्ष की कार्य अवधि

विदित हो कि कॉन्फ्रेंस में किसी भी तरह के राजनीतिक सवालों से बचते हुए नाईक ने बताया कि इस चौथे वर्ष की कार्य अवधि में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह, सरोजिनी नायडू की योग्य प्रतिमा लगाए जाने का निर्णय, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती समारोह के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की स्थापना, 2019 के कुंभ के आयोजन समिति की स्थापना, राज्य सरकार के प्रतीक चिन्ह के अनधिकृत प्रयोग का संज्ञान, चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह, म्यांमार में आयोजित 'द इंटरफेथ डॉयलाग फॉर पीस' विषयक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन का समावेश है।


महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का रिश्ता पुराना

दोनों राज्यों का रिश्ता समझाते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा, 'भगवान राम का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था, लेकिन वनवास के लिए वे नासिक स्थित पंचवटी में रहे थे। शिवाजी को महाराष्ट्र के कुछ सरदार छत्रपति राजा मानने के लिए तैयार नहीं थ, तब काशी के पंडित गागा भट्ट ने शिवाजी का राज्याभिषेक कर उन्हें छत्रपति की मान्यता दिलाई थी। वहीं महाराष्ट्र के संगीतज्ञ पंडित विष्णु नारायण भातखंडे के नाम से लखनऊ में संगीत विश्वविद्यालय की स्थापना हुई, जो देश का एक मात्र संगीत संस्थान है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस को मुंबई में आयोजित करने की सहमति जताई है।

Published on: