Weather Forecast for November 2025: मौसम विभाग ने नवंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान ठंड का जोर भी बढ़ेगा।
Maharashtra Weather Update: चार महीने का मानसून सीजन एक महीने पहले ही समाप्त हो चुका है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नवंबर 2025 महीने को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। आईएमडी (Weather Forecast) के मुताबिक, इस साल नवंबर में अच्छी बारिश होगी। अक्टूबर की तरह ही नवंबर में भी सूरज की तपिश कम महसूस होगी और पूरे महीने सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। हालांकि मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में पूरे महाराष्ट्र में औसत से अधिक बारिश होगी, लेकिन विदर्भ के कुछ हिस्सों में और ज्यादा बारिश के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में देश के अधिकांश भागों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से लेकर सामान्य से नीचे बारिश होने की संभावना है।
वहीँ, देश के अधिकांश भागों में सामान्य से नीचे अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ भागों, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और हिमालय की तलहटी क्षेत्रों में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की उम्मीद है।
उत्तर-पश्चिम के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में नवंबर में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग इलाकों में सामान्य से लेकर सामान्य से नीचे न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन कई राज्यों में भारी से बहुत भारी और गरज के साथ बारिश होने का अलर्ट (Weather Warning) जारी किया है। पूर्व-मध्य अरब सागर पर अवदाब और उत्तर-पश्चिम झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र (LPA) बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव में गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तरी कोंकण तथा उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार,अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की गई है।