मुंबई

Big Accident: महाराष्ट्र में बारातियों से भरी बस पलटी, 5 की मौत, 27 घायल

Maharashtra Bus Accident : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा तम्हिनी घाट के तीखे मोड़ पर हुआ।
2 min read
Dec 20, 2024
Bus accident in Pune

Pune Accident News : महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां बारातियों की बस पलटने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पुणे से महाड जा रही प्राइवेट बस तम्हिनी घाट पर हादसे का शिकार हो गई।

बताया जा रहा है कि यह भयानक हादसा तम्हिनी घाट के वॉटरफॉल प्वाइंट के करीब हुआ। आज (20 दिसंबर) सुबह करीब 10 बजे पुणे दिघी हाईवे पर तम्हिनी घाट के मौजे कोंडेथर गांव की सीमा में यह हादसा हुआ। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, निजी बस शादी कार्यक्रम के लिए पुणे से महाड के बिरवाड़ी के लिए रवाना हुई थी। पुणे से मानगांव आते समय तम्हिनी घाट पर एक तीखे मोड़ पर सड़क के किनारे पलट गई।

हादसा इतना भयानक था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी मिलते ही मानगांव पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ितों को अपस्ताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, जाधव परिवार शादी समारोह के लिए लोहगांव पुणे से बिरवाडी महाड जा रहा था। इसी दौरान तम्हिनी घाट के एक खतरनाक मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने से बस पलट गई। हादसे में 2 पुरुष और 3 महिलाओं समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 27 घायल लोगों को मानगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।

Updated on:
20 Dec 2024 02:00 pm
Published on:
20 Dec 2024 02:00 pm