मुंबई

महिला और दो बच्चों की हत्या कर शवों को जलाया, पुणे में दिल दहला देने वाली घटना

Pune News : पुणे में महिला और दो बच्चों के अधजले शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद शव जलाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
May 25, 2025
महाराष्ट्र पुलिस (AI Image)

महाराष्ट्र के पुणे से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रांजणगांव (Ranjangaon) इलाके में एक घर के बाहर एक महिला और उसके दो बच्चों के अधजले शव मिले हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला और दोनों बच्चों की हत्या कर दी और फिर शवों को आग के हवाले कर दिया।

रांजणगांव पुलिस के मुताबिक, तीनों शव पुणे-अहिल्यानगर हाईवे से करीब 150 मीटर दूर खंडाले गांव में मिले। मृतक महिला की उम्र 25 से 30 वर्ष है, जबकि बच्चों की उम्र चार और डेढ़ साल के करीब लग रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के सभी गुमशुदा लोगों के मामलों की जांच चल रही है।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे पुलिस पाटिल से जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर एक महिला और दो बच्चों के अधजले शव मिले। उनकी पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच से पता चला कि महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है, जबकि बच्चों की उम्र करीब दो और चार साल के आसपास है।

पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शवों को जलाने का प्रयास किया और किसी प्रकार के ईंधन का इस्तेमाल किया है। फ़िलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रांजणगांव पुलिस स्टेशन और पुणे ग्रामीण की लोकल क्राइम ब्रांच की संयुक्त जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से कई फॉरेंसिक साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं और घटनास्थल तक आने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस को संदेह है कि तीनों की हत्या कहीं और की गई और बाद में उनके शवों को यहां लाकर जलाया गया। मृतकों का पोस्टमार्टम रविवार शाम को कराया गया। जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

Published on:
25 May 2025 11:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर