प्रवेश पत्र न मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने दूसरे दिन गुरुवार को भी विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरागना अवंती बाई लोधी कॉलेज पथरिया के द्वितीय वर्ष के छात्र लोकेश कुमार साहू का प्रवेश पत्र नहीं मिलने से विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं में नाराजगी है। बुधवार को प्रवेश पत्र वितरण कर रहे आशीर्वाद पेनल के छात्र नेताओं को प्रवेश पत्र वितरण से रोका गया था।
इससे विवाद की स्थिति निर्मित होने लगी थी। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम केएल सोरी ने कॉलेज पहुंच कर मामला शांत करवाया था। बताया जाता है कि गुरुवार को भी लोकेश कुमार साहू को प्रवेश पत्र नहीं मिला। इसको लेकर विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रसासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाय हाय के नारे लगाए। इस पर प्रभारी प्रचार्य ध्रुव ने विद्यार्थी परिषद के पांच छात्रों को अपने केबिन में बुलाकर बातचीत की और कहा कि अभी युनिवर्सिटी जाओ, वहां से एडमिट कार्ड लाकर कल के परीक्षा में शामिल हो जाओ, जो भी खर्च होगा, उसे कॉलेज प्रशासन वहन करेगा। इस पर विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधि मण्डल ने प्राचार्य से लिखित में लेकर युनिवर्सिटी गए और वहां से एडमिट कार्ड लाए। अब लोकेश कुमार साहू परीक्षा में शामिल होंगे।