AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को लेकर कहा कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाएंगे। चंद्रशेखर आजाद ने अपने शुरुआती संबोधन में मोर्चे की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे का भी ऐलान किया। ओवैसी के मुताबिक, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। ओवैसी ने कहा कि, उन्हें भरोसा है कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनेगा और भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए काम करेगा। ओवैसी ने कहा कि जिन समाजों से वह और चंद्रशेखर आजाद आते हैं, पिछड़े और दबे कुचले वर्गों के लोगों को अब तक केवल वोटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। इसमें किसी एक जाति के नहीं, बल्कि अलग-अलग जातियों के वंचित लोग शामिल हैं।