
CJM Threat: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। ट्रक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी भगतराम राजपूत ने कोर्ट में अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने लगा। मामला तब और बढ़ गया, जब आरोपी कटघरे से कूदकर पीठासीन अधिकारी के डायस तक पहुंच गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने इस दौरान कोर्ट में लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने की भी कोशिश की। घटना के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार बेलदार ने खुद थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत पुलिस ने भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को ट्रक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी को 16 नवंबर को रिमांड के लिए शाम करीब 4:30 बजे मुंगेली जिला न्यायालय लेकर पहुंची थी। पुलिसकर्मी उसे पेशी के लिए कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।
शिकायत के अनुसार, जब आरोपी से उसका नाम पूछा गया तो वह आक्रामक हो गया। उसने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।’ इसके बाद आरोपी ने कटघरे से छलांग लगा दी और सीधे पीठासीन अधिकारी के सामने पहुंच गया। आरोपी ने वहां लगे कांच के फ्रेम को जोर-जोर से तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने सभी को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी का व्यवहार काफी अपमानजनक था। उसके इस कृत्य से पीठासीन अधिकारी और न्यायालय के कर्मचारी आहत हुए। आरोपी ने जिस तरह कांच के फ्रेम को तोड़ने की कोशिश की, उसे भी शिकायत में गंभीर बताया गया है। घटना के बाद न्यायालय की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए CJM शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं मुंगेली थाने पहुंचकर शिकायत दी।
CJM की शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। कोर्ट में पेशी के दौरान हुई इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा और वहां मौजूद कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।