
बुलन्दशहर. आपसी सौहाद्र बनाने और पर्यावरण सरंक्षण के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विकास खण्ड बुलन्दशहर के अन्तर्गत गोद लिये गये गांव कमालपुर में ईदगाह परिसर में स्थापित ‘ईद वाटिका’में कुरआन में वर्णित पौधों का रोपण किया। इसके अलावा एसएसपी संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रवीन्द्र कुमार और अपर जिलाधिकारी न्यायिक शमशाद हुसैन, तहसीलदार सदर हीरालाल सैनी सहित मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिकों द्वारा आस्था से जुड़े पौधों का रोपण किया गया। जिलाधिकारी ने 'ईद वाटिका' का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर मुस्लिम आस्था से जुड़े खजूर, अंजीर, अनार, अंगूर, पीलू, मेहंदी एवं बरगद जैसे पोधों का रोपण किया गया।
मौके पर उपस्थित मुस्लिम समुदाय के नागरिकों को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम ईद की संध्या पर सभी को जिलाधिकारी द्वारा ईद की मुबारकबाद देते हुए ईद के पर्व को शान्तिपूर्वक मनाए जाने की अपील की। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा इससे पूर्व सिकन्द्राबाद में भराना मोड़ पर ‘कांवड़ स्मृति उपवन’ की स्थापना कर शिवरात्रि के अवसर पर कियाथा। वहां हिन्दू आस्था से जुड़े पौधों का रोपण करते हुए पर्यावरण से जोड़ा गया है।
इसी क्रम में अब ईद की पूर्व संध्या पर ईदगाह परिसर कमालपुर में मुसलमानों की आस्था से जुड़े पौधों का रोपण करते हुए एक यादगार के रूप में वाटिका की स्थापना की गई है। उन्होंने नागरिकों से इन पौधों को सुरक्षित रखे जाने की भी अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में पर्यावरण को सुरक्षित रखने तथा जल संचयन के लिए वृक्षों का होना अत्यन्त आवश्यक है। इस मौके पर ग्राम प्रधान के पुत्र शानु सहित शाह फैसल सहित कमालपुर गांव के सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के नागरिकगण उपस्थित रहे। इस मौके पर जिलाधिकारी और एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा पर्यावरण एवं स्वच्छ भारत अभियान के बोर्ड पर हस्ताक्षर करते हुए अभियान की शुरुआत की गई।