मुजफ्फरनगर

Muzaffarnagar Road Accident: घर से दवा लेने निकला था फरमान, रास्ते में हुआ हादसा, रोडवेज बस हादसे में पिता-बेटी समेत 5 की मौत

Muzaffarnagar Road Accident: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में रोडवेज बस की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई। फरमान बेटी और बहनोई के साथ बाइक से निकले थे, लेकिन घर लौटने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए।
2 min read
Muzaffarnagar Latest News UP Latest News
मुजफ्फरनगर एक्सीडेंट रोडवेज बस (photo- x@ashishpaswan0)

Farman Road Accident: बुधवार को मुजफ्फरनगर में हुआ सड़क हादसा पांच परिवारों के लिए कभी न भूल पाने वाला दर्द छोड़ गया। बुढ़ाना क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें बागपत निवासी फरमान, उनकी तीन साल की बेटी अल्लो और उनके बहनोई मोमीन भी शामिल थे। दोनों परिवारों के लिए यह सफर सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर बाद यही रास्ता उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक अध्याय बन गया।

दवा लेने निकले थे, रास्ते में मौत का सामना

बागपत के तमेलागढ़ी गांव निवासी फरमान करीब 25-26 साल के थे। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार सुबह वह अपनी तीन साल की बेटी अल्लो को लेकर बाइक से सोरम में एक रिश्तेदारी में गए थे। उनके साथ बहनोई मोमीन भी थे, जो मुजफ्फरनगर के राजपुर गढ़ी गांव के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, फरमान ने घर से निकलते समय कहा था कि लौटते वक्त शाहपुर से अपनी दवा और बेटी के बुखार की दवा भी लेते आएंगे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घरवालों से कही गई यही बात आखिरी याद बन जाएगी।

ईंट भट्ठे पर काम की तैयारी थी

मोमीन की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। उनकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती हैं और परिवार को पहली संतान के आने का इंतजार था। घर में बच्चे की किलकारी की तैयारी चल रही थी, वहीं मोमीन रोजी-रोटी के लिए ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। हादसे से पहले वह फरमान के साथ अपने काम पर जाने की तैयारी में थे। दोनों को भट्ठे तक पहुंचने के लिए पिकअप की जरूरत थी। इसके लिए भैसाना में एक युवक की पिकअप दो हजार रुपये में तय की गई थी। लेकिन पिकअप तक पहुंचने से पहले ही उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

ओवरटेक करते वक्त बेकाबू हुई बस

हादसा बुढ़ाना क्षेत्र में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर भैसाना गांव के पास दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ। बताया गया कि रोडवेज बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दो बाइकों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे खेतों में जा गिरे। एक बाइक पर फरमान, उनकी बेटी अल्लो और मोमीन सवार थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर शामली के कांधला निवासी चचेरे भाई साजिद और इदरीश थे। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

मोमीन के घर आने वाली थी नई जिंदगी

मोमीन की मौत ने उनके परिवार की खुशियां भी छीन लीं। आठ महीने की गर्भवती पत्नी अब अकेली रह गई हैं। जिस बच्चे के आने का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा था, उसके जन्म से पहले ही पिता का साया उठ गया। वहीं फरमान के घर में पत्नी नसीमा, बेटी की मौत का सदमा और परिवार के दूसरे सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटी को साथ लेकर वह रिश्तेदारी में गए थे, वही बच्ची भी इस हादसे में उनसे हमेशा के लिए दूर हो गई।

बस कब्जे में, चालक की तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

Updated on:
10 Sept 2026 03:07 pm
Published on:
10 Sept 2026 03:07 pm
Also Read
View All
मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस ने दो बाइक सवारों को कुचला, मासूम समेत पांच की मौत

Rakesh Tikait Jayant Chaudhary: दिल्ली में राकेश टिकैत-जयंत चौधरी की मुलाकात, साथ दिखे J&K के डिप्टी CM, बढ़ी सियासी हलचल

‘अपनी पार्टी संभालें मंत्री जी’, ओपी राजभर पर बरसे सपा सांसद हरेंद्र मलिक, बोले- BJP की लिखी स्क्रिप्ट बोलते हैं सहयोगी

मुजफ्फरनगर में फिर सुलगी 2013 दंगों की चिंगारी! भड़काऊ पोस्टरों पर भड़के राकेश टिकैत, बोले- चुनावी साजिश है ये

‘मैं मरना पसंद करूंगा’, 36 दोषियों को फांसी की सजा सुनाने वाले जज रवि कुमार दिवाकर के बयान ने खड़े किए बड़े सवाल, आखिर क्यों कही ये बात?