
मुजफ्फरनगर। जनपद में थाना चरथावल क्षेत्र के गांव बिरालसी में खेत मे चारा लेने गए किसान की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मामले की जानकारी जब भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को चली तो उन्होंने मृतक किसान के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर बिरालसी पुलिस चौकी पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके साथ ही किसानों ने ट्रैक्टर ट्राली रोड पर लगाकर मुजफ्फरनगर थानाभवन मार्ग को भी जाम कर दिया।
मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगी तो एसडीएम सदर दीपक कुमार व सीओ सदर कुलदीप सिंह थाना प्रभारी सूबे सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। मगर किसान मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। बताया जा रहा है कि किसान शुभम पुत्र नरेश निवासी बिरालसी की 6 माह पहले शादी हुई थी। भारतीय किसान यूनियन व मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है क्योंकि जिन हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से शुभम की मौत हुई है वह जमीन की ओर काफी लटके हुए हैं। जिसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का हंगामा बढ़ता देख एसडीएम सदर ने 5 लांख रुपये का मृतक शुभम के परिजनों को मौके पर ही सौंपा और इसके साथ ही 5 लांख रुपये किसान फसल बीमा योजना के तहत दिलाने का आश्वासन दिया। उसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खोला गया।O