
मुजफ्फरनगर। जनपद में पत्नी की हत्या करने के बाद पति द्वारा खुद को भी गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में गृह कलेश का मामला सामने आ रहा है।
लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली
मामला साेमवार सुबह का है। थाना खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव लाडपुर में मनोज अपनी पत्नी सीमा के साथ रहते थे। उनकी खतौली क्षेत्र के रामसिंह वर्कशॉप में खाद व बीज की दुकान थी। जबकि पत्नी सीमा खतौली के अशोका मार्केट में सखी टेलर्स के नाम से बुटीक चलाती थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह किसी बात को लेकर पति और पत्नी में कहासुनी हो गई। इसके बाद मनोज ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी सीमा को गोली मार दी। पत्नी की हत्या करने के बाद मनोज ने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि सुबह किसी व्यक्ति द्वारा महिला को गोली मारे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मारी गई है। प्राथमिक जांच में गृह कलेश का मामला सामने आ रहा है।