मुजफ्फरनगर

महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादित बयान देकर फंसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री

मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह के विवादित बयान पर जयंत चौधरी ने किया ट्वीट
2 min read
• •
Updated: 13 Dec 2017, 9:25 AM IST
Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव संसाधन विकास एवं जल संसाधन राज्य मंत्री व बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह अपने विवादित बयान में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल सत्यपाल सिंह द्वारा गोरखपुर में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर जींस को लेकर एक विवादित बयान दिया गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि कपड़ों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, अगर कोई कहने लगे मैं जींस पहनकर किसी मंदिर का महंत बन जाऊं तो क्या लोग उसे पसंद करेंगे, कोई नहीं करेगा या अगर लड़की जींस पहन कर शादी की वेदी पर जाए तो कितने लोग उससे शादी करना चाहेंगे।

मंत्री जी के इस विवादित बयान के बाद उनकी चौतरफा निंदा की जा रही है। उनके इस बयान के आने के बाद राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव जयंत चौधरी ने ट्वीट कर उन्हें घेरने का प्रयास किया है। जयंत चौधरी ने अपने ट्वीट में कहा कि अगर कहते कि लड़के जींस पहनकर शादी के मंडप पर ना जाएं तो मैं उसे अलग ढंग से लेता महिलाओं के पहनावे पर कब तक पुरुष ज्ञान बांटेंगे। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ बेटी-बहन-बहू-मां को सभी रूप में आगे बढ़ाएं और बढ़ने दें का नारा लगना चाहिए।

जयंत चौधरी द्वारा मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह के द्वारा दिए गए विवादित बयान पर ट्वीट किए जाने के बाद उसमें मंत्री के खिलाफ कमेंट करने वालों की कमी नहीं है। आपको बता दें कि जयंत चौधरी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के बेटे हैं और बागपत लोकसभा क्षेत्र चौधरी अजीत सिंह का गढ़ रहा है। यहां मुंबई पुलिस में कमिश्नर रहे सत्यपाल सिंह इसी क्षेत्र के गांव बासौली के मूलनिवासी हैं, जिन्होंने नौकरी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर बागपत लोकसभा से चुनाव लड़ा और चौधरी अजीत सिंह को हराकर सांसद बने थे। इसके बाद हाल ही में मुजफ्फरनगर के सांसद डॉक्टर संजीव बालियान को मंत्री पद से हटाकर सत्यपाल सिंह को उनके विभागों के साथ मानव संसाधन विकास मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई थी।

Published on: