
Muzaffarnagar Crime: मुजफ्फरनगर में तीन लोगों ने हरियाणा के एक किसान के नाम का फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवा लिया। इसके बाद किसान के नाम से बैंक में खाता भी खुलवा लिया। अब ये तीनों मिलकर किसान की मुजफ्फरनगर में पड़ी 108 बीघा कृषि भूमि को बेचकर इस फर्जी एकाउंट में पैसा ट्रांसफर कराने की फिराक में थे लेकिन इससे पहले ही किसी ने पुलिस को शिकायत कर दी और तीनों पकड़े गए।
अभी तक आपने प्रॉपर्टी में झगड़े से लेकर अन्य तरह के फ्रॉड सुने और देखे होंगे लेकिन मुजफ्फरनगर की यह घटना बिल्कुल अलग है। हरियाणा के रहने वाले किसान सुरेंद्र की मुजफ्फरनगर के रामराज में 104 बीघा कृषि भूमि है। किसान इस भूमि को बेचना चाह रहा था। इस बात का पता रामराज के लोगों को चला तो रामराज के ही रहने वाले दो लोगों ने मिलकर एक योजना बनाई। रामराज के रहने वाले अंकुर पुत्र राजपाल और रोबिन पुत्र नेतराम ने बिजनौर के रहने वाले आसिफ उर्फ बादशाह ने मिलकर किसान के नाम का फर्जी आधार कार्ड बनवा लिया। इसके बाद फर्जी पैनकार्ड बनवा लिया और फिर पंजाब नेशनल बैंक में खाता खुलवा लिया।
अब ये लोग मिलकर इस जमीन के बेचने की फिराक में थे। इनका इरादा सारा पैसा इसी बैंक खाते में डलवाने का था जो किसान के नाम फर्जी बनवाया गया था। इस बैंक खाते में फोटो इन दोनों शातिर की लगी हुई थी। इसी बीच किसी ने किसान को खबर कर दी। जब किसान को इस बात का पता चला तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। तुरंत किसान पूरे मामले की शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि शिकायत की जांच कराई गई तो शिकायत ठीक निकली। इसी आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
साइबर क्राइम टीम ने जब इस मामले की जांच पड़ताल की तो सारा मामला सामने आ गया। पता चला कि आरोपियों का इरादा करोड़ों रुपये की रकम को ठगने का था। इससे पहले कि षडयंत्रकारी अपनी इस योजना में कामयाब हो पाते पुलिस ने इन्हे धर दबोचा। तीनों को पकड़कर पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से इन्हे जेल भेज दिया गया है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह पहला मामला नहीं इससे पहले भी मुजफ्फरनगर क्षेत्र में इस तरह के फर्जीवाड़े के मामले सामने आ चुके हैं। अब शातिर लोग हार्ड क्राइम से ज्यादा साइबर क्राइम और प्रॉपर्टी फ्रॉड वाले क्राइम पर काम कर रहे है। इसकी एक वजह यह भी है कि जमीनों के दाम काफी बढ़ गए हैं। इसके बाद से लोगों का ध्यान प्रॉपर्टी विवाद पर है और शातिर लोग प्रॉपर्टी फ्रॉड करके पैसा कमाना चाहते हैं। यही कारण है कि इस तरह के मामले अब बढ़ रहे हैं।