खास बातें- मुजफ्फरनगर के जिला अस्‍पताल से मेरठ किया गया रेफर एसएसपी ने महिला थाने के पूरे स्‍टाफ पर की कार्रवाई सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी और सीओ सिटी पहुंचे थे जिला अस्‍पताल
मुजफ्फरनगर। जनपद में मंगलवार को महिला थाने में तैनात एक महिला दरोगा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने वहां से उसको जिला चिकित्सालय में रेफर कर दिया। फिर जिला चिकित्सालय से उसको मेरठ भेज दिया। जांच में पता चला कि महिला दरोगा ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।
अचानक बिगड़ी तबीयत
मंगलवार को महिला थाने में तैनात एसआई सीमा यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उस समय वह अपने आवास पर थीं। महिला थाने में तैनात एक होमगार्ड को इसकी जानकारी लगी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से पहले जिला चिकित्सालय और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी सतपाल आंतिल और सीओ सिटी हरीश भदोरिया भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
भाई ने लगाए गंभीर आरोप
महिला दरोगा के भाई लोकेश निवासी भराला, सेक्टर-49 नोएडा ने उनकी बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों को भेजी गई ऑनलाइन तहरीर में उन्होंने महिला थाना प्रभारी सहित कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीओ व महिला थाना प्रभारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एसएसपी को तहरीर दी है। एसपी सिटी को इस मामले की जांच सौंपी गई है। बुधवार को इस मामले में एसएसपी अभिषेक यादव ने महिला थाने के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया। इसे थाने के स्टाफ के बीच आपस में चल रही खींचतान का नतीजा बताया जा रहा है। एसपी सिटी सतपाल आंतिल का कहना है कि महिला सब इंस्पेक्टर मानसिक तनाव में है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।