
मुज़फ्फरनगर. जसोई गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद मकान में चीख पुकार मच गई और मकान के अंदर से एक व्यक्ति आग से झुलसा हुआ बाहर निकला । ग्रामीणों ने आग की लपटों को बुझाकर घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने घायल की गंभीर अवस्था को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। बताया जाता है कि युवक घर में रखे विस्फोटक पदार्थ में चिंगारी पहुंचने से हुए ब्लास्ट से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है । हालांकि, परिजन आग लगने का कारण सिलेंडर फटना बता रहे हैं, घटना के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामला तितावी थाना क्षेत्र के गांव जसोई का है। यहां इमरान पुत्र रशीद अपने घर में बैठा था कि अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और विस्फोट के बाद इमरान बुरी तरह झुलस गया। इससे चीख पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए तो देखा कि इमरान बुरी तरह झुलसा हुआ है। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने इमरान को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। डॉक्टर नवदीप बंसल के अनुसार इमरान विस्फोटक पदार्थ से जला है, जो 90 से 95% तक जला हुआ है। इमरान की हालत गंभीर है। इस वजह से से मेरठ रेफर किया गया है।