मौके से हथियार किए बरामद
मुजफ्फरनगर. लोकसभा चुनाव से पहले खतौली कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भारी मात्रा में बने व अधबने हथियारों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि मीरापुर रोड पर कुछ लोग अवैध तमंचा बनाने का काम कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गणेश विहार कालोनी स्थित एक खंडहर नुमा मकान में छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध तमंचा बनाने के उपकरणों सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अवैध हथियार तैयार करते थे। बाद में उन्हें बेच दिया करते थे। मौके से दो राइफल, दो बंदूक, आठ तमंचे, अधबने तमंचे, कच्चा मॉल, उपकरण और कारतूस बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि पकडे गये आरोपी नईम पुत्र अलमुद्दीन निवासी खेडीकुरैशी व सालिम पुत्र नईम निवासी खेडीकुरैशी है। एसएसपी ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में इन हथियारों को बेच दिया करते थे।