मुजफ्फरनगर

Video: सपा नेता की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, शव बोरे में बंदकर गंगनहर में फेंका, क्षेत्र में फैली सनसनी

17 दिसम्बर से लापता थी चेयरमैन पद की पूर्व महिला प्रत्याशी व सपा नेता की पत्नी सुरैया बेगम
2 min read
• •
Updated: 26 Dec 2018, 12:57 PM IST
muzaffarnagar
सपा नेता की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, शव बोरे में बंदकर गंगनहर में फेंका

मुजफ्फरनगर. 17 दिसम्बर से लापता चेयरमैन पद की पूर्व महिला प्रत्याशी व सपा नेता की पत्नी सुरैया बेगम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर एक महिला सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए हत्यारोपियों की निशानदेही पर महिला का शव गंग नहर से बंद बोरे में बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका का पैसों के लेनदेन को लेकर खतौली के कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते एक अन्य महिला समेत तीन लोगों ने मिलकर महिला की हत्या कर शव बोरे में बंद कर गंग नहर में फेंक दिया था।

दरअसल, मामला खतौली कोतवाली क्षेत्र का है। जहां 17 दिसंबर को सुरैया बेगम नाम की एक महिला घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसके बाद 18 दिसंबर को खतौली कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब पुलिस सुरैया को ढूंढने में नाकामयाब रही तो सुरैया के परिजनों ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर सुरैया की बरामदगी की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किया था। बता दें कि सुरैया 2012 में नगर पंचायत खतौली से चैयरमैन पद पर चुनाव भी लड़ चुकी थी, जिस वजह से क्षेत्र में सुरैया लापता होने से रोष था। परिजनों और समर्थकों द्वारा सुरैया की बरामदगी की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद बाद मुजफ्फरनगर एसएसपी सुधीर कुमार ने गुमशुदा महिला की तलाश के लिए एक स्पेशल टीम गठित की थी। महिला की बरामदगी के लिए गठित की गई टीम ने मंगलवार को पूछताछ के लिए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में नवाब इमरान और जायरा नाम के 3 आरोपियों ने सुरैया की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने इन तीनों आरोपियों की निशानदेही पर महिला का शव गंग नहर से बरामद कर लिया है। पुलिस पूछताछ में इमरान, नवाब और उसकी पत्नी जाहिदा ने बताया कि वर्ष 2014 में इन्होंने सुरैया से 20 हजार का कर्ज लिया था, जो कई बार सुरैया को ब्याज के रूप में वापस कर चुके थे, लेकिन बार-बार सुरैया द्वारा पैसे मांगे जाने से तंग आकर इन तीनों आरोपियों ने सुरैया को अपने घर बुला लिया और पहले उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अंधेरा होने पर महिला के शव को बोरे में भरकर खतौली गंग नहर में फेंक दिया। महिला का शव पानी में न बह कर गंग नहर किनारे झाड़ियों में अटक गया, जिसे मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया। बता दें कि मृतक महिला सुरैया 2012 में खतौली नगर पंचायत से नेशनल लोकतांत्रिक पार्टी (नेलोपा) से चेयरमैन पद का चुनाव भी लड़ चुकी है।

Updated on:
26 Dec 2018, 12:57 PM IST
Published on: