
शामली। कोतवाली में शनिवार को बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में तैनात दरोगा और एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी छोड़ने के बदले हजारों रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की भी मांग की है।
आपको बता दें कि यह पूरा मामला जनपद शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र का है जहां करीब 5 दिन पूर्व एआरटीओ ने चेकिंग के दौरान शहर के एक निजी स्कूल की बस को कागज पूरे न होने के कारण सीज कर दिया था। जिसके बाद शनिवार को गाड़ी चालक अर्जुन निवासी गांव रसूलपुर गुजरान एआरटीओ कार्यालय पहुंचा और गाड़ी को छुड़ाने की सभी फॉर्मेलिटी पूरी की। फिर जुर्माना भुगतने के बाद वह अपनी गाड़ी को लेने जैसे ही थाने पहुंचा तो कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक पंकज और मुंशी अरुण कुमार ने पीड़ित गाड़ी चालक से गाड़ी छोड़ने के नाम पर रिश्वत की मांग की।
रिश्वत नहीं देने पर करीब 3 घंटे तक दोनों पुलिसकर्मियों ने पीड़ित गाड़ी चालक को थाने के चक्कर कटवाए। जिसके बाद पीड़ित गाड़ी चालक ने उक्त मामले की जानकारी बजरंग दल के जिला संयोजक विवेक प्रेमी को दी तो विवेक प्रेमी दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ सदर कोतवाली पहुंचे और रिश्वत मांगने वाले उप निरीक्षक और मुंशी के खिलाफ जमकर हंगामा व प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उन दोनों के निलंबन की मांग की। विवेक प्रेमी का आरोप है कि इस तरह के पुलिसकर्मियों ने प्रदेश सरकार को बदनाम कर रखा है। पुलिस के इस रवैये से अक्सर गरीब लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जल्द से जल्द दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाए।
सीओ सिटी का बयान
इस संबंध में जब सीओ सिटी अशोक कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शिकायत की है मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।