उद्यमी ने की पहल, पालिका ने कर्मचारियों को बांटे स्वच्छता किट
डीडवाना. स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को साफ बनाने की मुहिम में अब लोग भी जुडऩे लगे हैं। इसके तहत नगरपालिका के अधिकारी, पार्षद एवं सर्वेक्षण से जुड़े पदाधिकारीयों की प्रेरणा पर स्थानीय उद्यमी श्रवण कुमार व हीरालाल जांगिड़ ने पहल करते हुए नगरपालिका को 1100 कचरा पात्र भेंट किए। साथ ही सफाई कर्मचारियों के लिए 11 गम जुते की जोड़ी भी प्रदान की।
इस अवसर पर नगरपालिका प्रशासन द्वारा अपने सफाई कर्मचारियों को हेलमेट, जेकैट, गल्फ एवं मास्क का वितरण किया गया। इस दौरान पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. सहदेवदान चारण ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सबकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इस कार्य के लिए की पहल सराहनीय है। शहर के लोगों को भी प्रेरणा लेकर शहर को साफ व स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में पार्षद पवन टाक, सुरेश तंवर, श्रवण भाटी, कृष्ण बिहारी व्यास सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
वार्डों में सफाई का दौर जारी
ईओ डॉ. चारण ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 को लेकर शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को रेलवे स्टेशन क्षेत्र, सीताराम बाग, अस्पताल चौराहा आदि क्षेत्रों में सफाई की गई। वहीं गली-मौहल्ले में पड़े कचरे के ढ़ेर हटाए जाकर कचरा पात्र स्थापित किए गए हैं। वहीं सडक़ों पर पड़ी रेत व मिट्टी को हटाया जा रहा है। शहर के प्रमुख रास्तों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा छोटा-मोटा कचरा अन्यत्र फैंकने की बजाय कचरा पात्र में डालने की लोगों में प्रवृति विकसित करने के उद्देश्य से लोहे के छोटे कचरा पात्र बनवाकर विद्युत पोल पर लगवाए गए हैं।
अतिक्रमण हटाए, वसूला जुर्माना
नगरपालिका प्रशासन द्वारा शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी अंजाम दी गई। इस कार्रवाई के तहत मुख्य बाजार, रॉयल मार्केट, नागौरी गेट सहित अनेक क्षेत्रों में पालिका दस्ते ने कार्रवाई की। इस दौरान व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई। साथ ही अनेक दुकानों का सामान सडक़ों पर रखा हुआ पाए जाने तुरंत कार्रवाई करते हुए 7 दुकानदारों पर 3600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। पालिका की इस कार्रवाई से दुकानदारों में एकबारगी हलचल मच गई और कई दुकानदार अपने सामान को समेटकर अंदर रखने लगे। वहीं कई लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध भी जताया।
इन पर लगाया जुर्माना
चारण ने बताया कि आम सडक़ पर थोक सब्जी विक्रेताओं द्वारा सब्जियों के बोरे रखकर अतिक्रमण करने व रास्ता रोकने पर मटरू, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद जावेद, नेमीचंद, मोहम्मद फारूक, हाजम अली, सदीक आदि दुकानों के विरूद्ध कार्रवाई कर प्रारम्भिक तौर पर 3600 रुपए का जुर्माना लगाया गया।