
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नियमित सफाई के दावों की खुली पोल, डस्टबिन भरे, सडक़ों पर गंदगी और आवारा पशुओं का जमावड़ा
नागौर. दीपोत्सव बीत गया, बाजारों की रौनक भी लौट आई, लेकिन शहर की सफाई व्यवस्था अब तक त्योहार की खुमारी से बाहर नहीं निकल पाई है। नगर परिषद की ओर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नियमित सफाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बुधवार को शहर के प्रमुख इलाकों का जायजा लिया तो तस्वीर इन दावों से बिल्कुल उलट नजर आई। कहीं सडक़ों पर कचरे के ढेर लगे थे तो कहीं डस्टबिन कचरे से लबालब मिले। कई जगह प्लास्टिक, कागज और घरेलू कचरा खुले में बिखरा पड़ा था। आवारा पशु भी कचरे के आसपास भोजन तलाशते नजर आए। हालात बता रहे हैं कि सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और कचरा उठाने की व्यवस्था में खामियां बनी हुई हैं।
डस्टबिन भरे, सडक़ें बनी कचरा पॉइंट
पुराना जिला अस्पताल चौराहा, सुगन सिंह सर्किल, किले की ढाल, आर्य समाज क्षेत्र और नया दरवाजा से बंशीवाला जाने वाले रास्ते पर गंदगी के ढेर दिखाई दिए। एफसीआई गोदाम से आनंदम बिल्डिंग और प्रतापसागर कॉलोनी जाने वाले मार्गों पर भी कचरा जमा होने की शिकायत है। कई स्थानों पर डस्टबिन कचरे से भरे मिले, जबकि आसपास भी कचरा फैला हुआ था। पहले डस्टबिन भरने पर नगर परिषद का वाहन पहुंचकर मशीन के जरिए कचरा खाली करता था, लेकिन अब यह व्यवस्था नियमित रूप से संचालित होती नजर नहीं आ रही। नतीजा यह है कि कचरा पात्र भरने के बाद कचरा आसपास की जमीन पर फैल रहा है।
व्यवस्था बदली, निगरानी का असर नहीं दिखा
पूर्व में उपखंड अधिकारी रहे गोविंद सिंह भींचर के कार्यकाल में शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कई बदलाव किए गए थे। डस्टबिन से कचरा उठाने और सफाई की नियमितता पर जोर दिया गया था। उनके पद से हटने के बाद व्यवस्था की निरंतरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सभापति संतोष टाक को पदभार संभाले एक महीने से अधिक समय हो चुका है। दीपावली के दौरान सफाई प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन त्योहार बीतने के तीन दिन बाद भी प्रमुख स्थानों पर कचरा जमा मिलना व्यवस्था की निगरानी पर सवाल उठाता है।
दावों के बीच जिम्मेदारों ने कही यह बात
नगर परिषद सभापति संतोष टाक ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था के लिए जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है। सफाई कार्य कराया जा रहा है और पूरी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वहीं अनिता बिरदा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से जोनवार सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसके बावजूद किसी क्षेत्र में स्थिति ज्यादा खराब है तो उसका निरीक्षण करवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।