
नागौर. पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढऩे पर आसमान छूने लगी महंगाई के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने जिला कलक्टर पर नेहरू उद्यान में धरना देकर केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष गीता सोलंकी के नेतृत्व में महिलाओं ने धरना स्थल पर लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनाई तथा खाली सिलेण्डर को उल्टाकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सोलंकी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से आज सबसे ज्यादा महिलाएं परेशान हैं, क्योंकि पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम बढऩे से रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि महिला दु:खी होगी तो पूरा देश दु:खी रहेगा।
धरने को ब्लॉक अध्यक्ष बीदामी देवी, नजमुनिशा, सुनीता चौधरी, शबाना बानो के साथ कांग्रेस महासचिव मोतीलाल चंदेल, ओमप्रकाश इनाणियां, ब्लॉक अध्यक्ष दिलफराज खान, हीरालाल भाटी, महावीर कोठारी ने संबोधित कर केन्द्र सरकार को कोसा। धरने में विमला विश्नोई, सुशीला, शमीम बानो सहित अन्य महिलाएं शामिल हुई।
इसी प्रकार प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, बिजली, खाद्य सामग्री के दामों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
महंगाई के विरोध में एएसपी के कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
नागौर. आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजस्थान प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, बिजली व खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों तथा महिलाओं के साथ बढ़ रहे अत्याचार की रोकथाम को लेकर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
एएसपी के जिलाध्यक्ष गरीब मोहम्मद के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि पेट्रोल-डीजल पर देश में सर्वाधिक वेट राजस्थान में है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर वेट में अभूतपूर्व बढ़ोतरी करने के बाद राज्य सरकार और भाजपा द्वारा बढ़ी कीमतों के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन महज नोटंकी है। कोरोना काल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर लोगों को परेशानी में डाला जा रहा है, इसके कारण महंगाई बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ रहे महिला अत्याचारों व दलित अत्याचारों पर भी रोक लगाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन का महंगाई के विरुद्ध प्रदर्शन आज
नागौर. संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर 8 जुलाई को जिला मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा महंगाई के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन के जिलाध्यक्ष अर्जुनराम लोमरोड़ ने बताया कि गुरुवार दोपहर सवा 12 बजे डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, किसानों की फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने व तीनों कृषि कानून वापस लेने के तीन सूत्रीय मांग पत्र को लेकर कलक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।