
नागौर में 2025-26 में 10.32 लाख टीके लगे, एफएमडी में लक्ष्य के बराबर टीकाकरण; भेड़-बकरियों से जुड़ी बीमारियों के आंकड़ों में भी आया उतार-चढ़ाव
नागौर. जिले में पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में पिछले तीन साल के दौरान आंकड़े लगातार बदलते रहे। किसी साल टीकाकरण का आंकड़ा लक्ष्य से आगे निकला तो अगले साल उसी बीमारी में संख्या घट गई। गलघोंटू में जहां तीन साल से लगातार बढ़ोतरी दर्ज हुई, वहीं मुंहपका-खुरपका में पिछले दो साल से टीकाकरण का आंकड़ा लगभग समान रहा। दूसरी तरफ भेड़-बकरियों से जुड़ी बीमारियों के टीकाकरण में भी बड़ा उतार-चढ़ाव सामने आया है। पशुपालन विभाग के वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक के आंकड़े अभियान की यही तस्वीर दिखाते हैं।
गलघोंटू में हर साल बढ़े टीके
पशुपालन विभाग के अनुसार गलघोंटू (एचएस) के टीकाकरण में तीनों साल लगातार बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2023-24 में 1 लाख 7 हजार 740 टीके लगाए गए थे। वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढकऱ 1 लाख 11 हजार 600 हुई और 2025-26 में 1 लाख 38 हजार 900 तक पहुंच गई। इस बार 1 लाख 30 हजार का लक्ष्य था। यानी पिछले साल के मुकाबले 27 हजार 300 अधिक टीके लगाए गए। इसी तरह से मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) में वर्ष 2023-24 में 3 लाख 14 हजार 400 टीके लगाए गए थे। वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढकऱ 5 लाख 37 हजार 800 हो गई। इसके बाद वर्ष 2025-26 में 5 लाख 36 हजार 850 टीके लगाए गए। यानी पिछले दो साल से इस बीमारी के टीकाकरण का आंकड़ा 5.36 लाख से ऊपर बना हुआ है। विभाग की ओर से लगाए जाने वाले टीकों में बीक्यू टीकाकरण में भी तीन साल में उतार-चढ़ाव रहा। वर्ष 2023-24 में 23 हजार 520 टीके लगाए गए। वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढकऱ 1 लाख 260 हो गई, लेकिन 2025-26 में घटकर 73 हजार 560 रह गई। इसी तरह ईटीवी में पहले 1 लाख 5 हजार 460 टीके लगे, अगले साल बढकऱ 2 लाख 88 हजार 600 हुए और इस बार 2 लाख 39 हजार 200 पर आ गए।
शीप पॉक्स में पिछले साल से बड़ी गिरावट, पीपीआर में शून्य
भेड़-बकरियों से जुड़ी बीमारियों के टीकाकरण में भी आंकड़ों का अंतर साफ नजर आता है। शीप पॉक्स में वर्ष 2023-24 में 3 हजार 300 टीके लगाए गए थे। वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढकऱ 1 लाख 78 हजार 800 हुई, लेकिन इस बार 43 हजार 500 ही टीके लगाए गए। वहीं पीपीआर में वर्ष 2023-24 में 2 हजार 380 और वर्ष 2024-25 में 6 लाख 46 हजार टीके लगाए गए थे। पशुपालन विभाग के अनुसार इसके लिए जिलों में पशु चिकित्सा केन्द्रों के हिसाब से उनके क्षेत्रवार ग्रामीणों के साथ बैठकें कर उनको इनकी बीमारियों के बारे में जानकारी देना, बताना, और समझाना। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार उनके लिए यथासमय कार्यक्रम करने के साथ ही टीकाकरण का अभियान चलाया गया।
क्या कहते हैं जिम्मेदार: टीकाकरण पर ध्यान दिया जा रहा
जिले में पशुधन को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए अलग-अलग बीमारियों के टीकाकरण अभियान चलाए जाते हैं। तीन साल के आंकड़ों में बीमारीवार टीकाकरण की स्थिति में अंतर आया है। गलघोंटू और एफएमडी में टीकाकरण का दायरा बना हुआ है, वहीं अन्य बीमारियों में भी नियमित टीकाकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। पशुपालकों को समय पर टीकाकरण करवाने के लिए जागरूक करना भी जरूरी है, ताकि पशुधन को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
डॉ. महेश कुमार मीणा, संयुक्त निदेशक, पशुपालन नागौर
देव दीपावली पर दीपों से जगमगाए मंदिर, रोशनी में नहाया शहर, महिलाओं ने सजाए आस्था के दीप
बंशीवाला मंदिर से गणेश मंदिर तक दिखा उत्सव का उल्लास, धार्मिक आकृतियों और कतारों में सजे दीपों ने बांधा आकर्षण, देर रात तक चला दीप प्रज्ज्वलन और पूजन का सिलसिला
नागौर. कार्तिक पूर्णिमा की शाम शहर में आस्था और रोशनी की चमक में पूरी रात जगमग-जगमग करता रहा। देव दीपावली के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिर दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। मंदिरों में शाम ढलते ही दीप प्रज्ज्वलन का सिलसिला शुरू हुआ तो देखते ही देखते शहर के मंदिर परिसर दीयों की रोशनी से चमकते नजर आए। दीपावली के बाद एक बार फिर शहर में दीपोत्सव जैसा माहौल नजर आया। मंदिरों में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ दीप जलाए और भगवान के समक्ष सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्रमुख मंदिरों में बंशीवाला मंदिर में देव दीपावली का श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। यहां शाम को बड़ी संख्या में महिलाएं दीप जलाने पहुंचीं। किसी ने दीपों में तेल और बाती तैयार की, तो किसी ने उन्हें कतारों में सजाकर प्रज्ज्वलित किया। मंदिर परिसर में फर्श पर दीपों से धार्मिक आकृतियां और आकर्षक सजावट की गई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर पूरे परिसर को रोशन कर दिया। मंदिर के पत्थर के दीप स्तंभों पर भी दीपक सजाए गए। इनकी रोशनी से मंदिर का वातावरण बेहद आकर्षक नजर आया। रात्रि 8 बजे तक मंदिर में दीप सजाने और जलाने का क्रम जारी रहा। महिलाएं समूह में दीप प्रज्ज्वलित करती नजर आईं। इंदिरा कॉलोनी स्थित गणेश मंदिर में भी देव दीपावली पर विशेष सजावट की गई। यहां श्रद्धालु महिलाओं ने मंदिर परिसर में दीप जलाकर रोशनी की। मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में मंदिरों के बाहर और भीतर दीपों की कतारें सजाई गईं। कहीं दीप स्तंभ रोशन हुए तो कहीं मंदिर परिसर में दीपों से आकर्षक आकृतियां बनाई गईं। शाम होते ही मंदिरों में दीपों की लौ और उनकी सुनहरी रोशनी की चकाचौंध में पूरा शहर रंगा रहा दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालु पूजन करते और भगवान के दर्शन करते नजर आए। शहर के मंदिरों में एक साथ जले हजारों दीपों ने देव दीपावली का उत्सव भक्ति के रंग से सराबोर रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने स्वर्ग में दीपोत्सव मनाया था। इसी मान्यता के चलते कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों में दीपदान, पूजा-अर्चना और भगवान के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है।