27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Nagaur / सरकारी जमीनों पर कब्जे बढ़ते गए, प्रशासन की कार्रवाई चिह्नित करने तक सिमटी, दो महीने से इंतजार

सरकारी जमीनों पर कब्जे बढ़ते गए, प्रशासन की कार्रवाई चिह्नित करने तक सिमटी, दो महीने से इंतजार

नागौर. शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई सर्वे और चिह्नित करने तक सीमित है। बड़ली के अंगोर क्षेत्र में इसी साल दो बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई, लेकिन इसके बाद पूरे तहसील क्षेत्र में अभियान आगे नहीं बढ़ा। दूसरी ओर शहर में सरकारी जमीनों, तालाबों की पाल और अंगोर भूमि पर कच्चे-पक्के निर्माण होते रहे। तहसील प्रशासन और नगर परिषद ने सर्वे करवाकर अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिया था, लेकिन करीब दो महीने बाद भी कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के दावों और धरातल की स्थिति में अंतर नजर आ रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नागौर

•

image

Sharad Shukla

•

Updated: 27 Nov 2026, 9:51 PM IST

Nagaur: The condition of the catchment areas of the city's ponds.

Nagaur. Hundreds of constructions have been made in the catchment areas of the city's ponds.

तालाबों की पाल से अंगोर तक अतिक्रमण, दो बार अभियान चलाकर थमा प्रशासन, अब तक नहीं बना स्पेशल दस्ता, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद जलस्रोतों की जमीन पर पक्के निर्माण

नागौर. शहर में सरकारी जमीनों पर कब्जे होते रहे और प्रशासन सर्वे व चिह्नित करने की बातों में उलझा रहा। बड़ली के अंगोर क्षेत्र में इसी साल दो बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई, लेकिन इसके बाद पूरे तहसील क्षेत्र में कहीं भी अभियान आगे नहीं बढ़ा। दूसरी तरफ शहर के कई इलाकों में सरकारी जमीनों पर कच्चे और पक्के निर्माण होते गए। तालाबों की पाल और अंगोर की जमीन तक पर कब्जे हो गए। तहसील प्रशासन और नगर परिषद ने सर्वे करवाकर अतिक्रमण हटाने की बात कही थी, लेकिन करीब दो महीने बाद भी जमीन पर कोई बड़ी कार्रवाई नजर नहीं आई। अब अधिकारी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित करने और शेष का सर्वे करवाने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सरकारी जमीनों को कब्जों से मुक्त कराने के दावे और वास्तविक कार्रवाई के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है।

इन इलाकों में भी सरकारी जमीन पर कब्जे
बीकानेर रोड, ऑफिसर्स कॉलोनी, पीएचईडी कॉलोनी के पास, बड़ली, डेह रोड, गुढ़ला चौराहा, जिला मुख्यालय स्टेडियम के सामने, ताऊसर रोड, मेला मैदान, एसीबी कार्यालय के बाहर और मूंडवा रोड जीएसएस के सामने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण सामने आए हैं। कहीं बाड़ लगाकर तो कहीं पत्थर डालकर जमीन पर कब्जा किया गया है। कई जगह पक्के निर्माण भी हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक इन स्थानों पर एक साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान नहीं चलाया गया है। इसी तरह से शहर के प्रतापसागर, गिनाणी, समस और बख्तासागर तालाबों की पाल और आसपास की जमीन पर भी अतिक्रमण की स्थिति सामने आई है। कई जगह पक्के निर्माण खड़े हो चुके हैं। तालाबों की जमीन पर लगातार होते कब्जों से इनके मूल स्वरूप और क्षेत्रफल पर असर पड़ रहा है। सर्वोच्च न्यायालय भी तालाब, पोखर, गढ़ही, नदियों, जंगलों और पहाडिय़ों जैसी प्राकृतिक संपदाओं को संरक्षित रखने के निर्देश दे चुका है, लेकिन शहर में इन जलस्रोतों के आसपास की जमीन पर कब्जों का सिलसिला रुक नहीं पाया है।

फसल बोना और बाड़ लगाना भी अतिक्रमण
सरकारी जमीन पर मकान या दुकान बनाना ही अतिक्रमण नहीं है। जमीन पर फसल बोना, बाड़ लगाना, पत्थर का पाटा लगाना अथवा कंटीली झाडिय़ां लगाकर कब्जा करना भी अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 91 के तहत अतिक्रमण पाए जाने पर बेदखली की कार्रवाई का प्रावधान है। बार-बार अतिक्रमण करने पर तीन माह तक के साधारण कारावास का भी प्रावधान है।
तहसीलदार नृसिंह टाक बोले
सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमणों को चिह्नित किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर चिह्नितकरण हो चुका है और शेष स्थानों पर भी सर्वे करवाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष दस्ता बनाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की जाएगी।

नृसिंह टाक, तहसीलदार नागौर

जानकारी जुटाई जा रही है……
नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध निर्माणों की जानकारी जुटाई जा रही है। जिन स्थानों पर अतिक्रमण सामने आए हैं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। तहसील प्रशासन के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाया जाएगा और सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अनिता बिरदा, आयुक्त नगरपरिषद आयुक्त