नागौर

राजस्थान में चुनाव से पहले ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, धारदार दांतले से किया वार

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Oct 09, 2018
congress

डेगाना, नागौर।

तहसील कार्यालय परिसर में सोमवार को एक युवक ने धारदार दांतले से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, डेगाना के अध्यक्ष मांगीलाल बेनीवाल (मांझी) पर जानलेवा किया। अचानक हुए इस हमले के कारण तहसील परिसर, उपखंड कार्यालय व कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि हमले में बेनीवाल को मामूली चोट आई हैं।

मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। आरोपी युवक ने तीन साल पहले भी मांगीलाल पर कोर्ट के मुख्य गेट पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला किया था।

बताया जाता है कि मांगीलाल व आरोपी युवक मकराना तहसील के नौसरिया गांव के निवासी जस्साराम जाट के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। उसके चलते आरोपी युवक ने उस पर दूसरी बार हमला किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पर दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आरोपी जस्साराम को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

नागौर में बदमाशों के हौंसले बुलंद
नागौर में इन दिनों बदमाशों के हौंसले बुलंद हो गए हैं। पिछले दिनों जिले के श्रीबालाजी थानाधिकारी पूर्णमल मीणा को रात्रि गश्त के दौरान जीप चालक ने टक्कर मारकर गंभीर घायल कर दिया था, जिसके बाद मीणा की मौत हो गई थी। थानाधिकारी मीणा गत वर्ष 19 सितम्बर की रात को गंठिलासर के पास नाकाबंदी कर रहे थे, उस दौरान तेज गति से आए जीप चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मीणा गंभीर घायल हो गए और नागौर के जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने रात को ही दम तोड़ दिया। कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस जीप चालक का सुराग नहीं लगा पाई। सूत्रों का मानना है कि टक्कर मारने वाला मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।

आनंदपाल ने की थी सिपाही खुमाराम की हत्या
गैंगस्टर आनंदपाल सिंह का पीछा करते समय 21 मार्च 2016 को बदमाशों की गोलियों का शिकार हुए सिपाही खुमाराम की मौत हो गई थी, जबकि एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिले के गुढ़ा भगवानदास गांव के पास आनंदपाल व उसके साथियों ने नागौर की क्यूआरटी टीम पर गोलियां बरसाई थी, जिसमें सिपाही खुमाराम की मौत हो गई, जगकि सिपाही हरेन्द्र डूडी गंभीर घायल हो गया था।

जसवंतगढ़ थानाधिकारी को मारी गोली
21 जुलाई 2016 को नागौर जिले के जसवंतगढ़ थानाधिकारी व उनकी टीम पर गैंगस्टर आनंदपालसिंह व उसके साथियों ने फायरिंग की थी, जिसमें थानाधिकारी लादूसिंह के पेट में गोली लग गई थी। गोली लगने से थानाधिकारी काफी दिन जयपुर के अस्पताल में भर्ती रहे।

Published on:
09 Oct 2018 08:44 am