हुसैन की याद में निकला ताजियों का जुलूस, देर रात ठण्डे किए गए ताजिए
नागौर. हजरत इमाम हुसैन की याद में मोहर्रम रविवार को मनाया गया। इस मौके पर ताजियों का जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के ए रोड, बी रोड, गांधी चौक, दड़ा मोहल्ला, सदर बाजार, तीगरी बाजार, पिजारों का मोहल्ला, व्यापारियों का मोहल्ला, बाजरवाड़ा माही दरवाजा से निकला। दोपहर तीन बजे ताजिए निर्धारित मुकाम से उठाए गए। मातमी ढ़ोल व ताशों की धुन के साथ अखाड़ों के बीच विभिन्न मार्गों से होते हुए देर रात तक अपने निर्धारित स्थान पर ठण्डे किए गए। ताजियों को अपने कंधों पर उठाए हुए समाज के लोगों के मुंह से निकलने वाली आवाज हुसैन जिंदाबाद हुसैन.. जिंदाबाद हक.. हुसैन या हुसैन.. या हुसैन हक.. हुसैन नजर आई।
नौ ताजियों का निर्माण किया गया
जानकारी अनुसार शहर में इस बार कुल नौ ताजियों का निर्माण किया गया। जिनमें डोडी की दरगाह, दड़ा मोहल्ला, बड़े पीर साहब की दरगाह, नकाश गेट, न्यारों का मोहल्ला, लोहारपुरा, सरफया दरवाजा, पिंजारों का मोहल्ला व लोहारपुरा के ताजिए शामिल थे। लोहारपुरा व न्यारों का मोहल्ले के ताजियों का जुलूस केवल मोहल्ले में ही निकाला गया। इससे पूर्व शनिवार देर रात बड़े पीर साहब की दरगाह में नागौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी द्वारा बड़े पीर साहब की दरगाह का ताजिया बनाने वाले कारीगरों को सम्मानित किया गया। रविवार को काजियों के चौक में प्रशासन द्वारा प्रशंसा पत्र दिए गए। महिलाएं ताजियों पर मन्नत के धागे बांधते नजर आईं। छोटी-बड़ी दुकाने व ठेले लगाए गए, जिनसे बच्चे खरीदारी करते नजर आए। लौहारपुरे का ताजिया सोमवार सुबह दस बजे कर्बला में ठण्डा किया जाएगा। नागौर एएसपी राजकुमार चौधरी, वृत्ताधिकरी ओम प्रकाश गौतम, कोतवाली थानाधिकारी नंदराम भादू, महिला पुलिस थानाधिकारी भंवर सिंह गौड व पुलिस बल तैनात था।
विशेष नमाज
शहर के डोडी की दरगाह में नायब सज्जादनशीन पीर गुलाम शब्बर की देखरेख में यौमे आशुरा की नमाज पढ़ी गई। यौमे आशुरा की नमाज में हिफजुल ईमान, अहले बेयत, बिन्ते ईमामेन, हकुल वालिदेन, के नवाफील शामिल थे। नमाज के बाद विशेष तौर पर मुल्क में अमन-शांति की दुआ की गई। इससे पहले मोहम्मद अली हुसैन ने जंगनामे की महफिल में जंगनामा पढ़ा।
नजर आई कलाकारी
ताजियों में इस बार नागौर के डोडी की दरगाह के ताजिए में, मेड़ता की जामा मस्जिद, बाजरवाड़ा के ताजिए में मलेशिया की मस्जिद, पिजारों के मोहल्ले के ताजिए में आगरा का ताजमहल, अजमेर स्थित ख्वाजा साहब की दरगाह का बुलंद दरवाजा , लौहारपुरा के ताजिए मे ंमस्जिदे नबवी, हरम शरीफ, न्यारों के मोहल्ले का ताजिए में थर्माकोल पर की गई बारीकी से कलाकारी व इसके अलावा देश व दुनिया की मस्जिद, दरगाह व मशहुर इमारतों के नक्शे नजर आ रहे है। बड़े पीर साहब की दरगाह के ताजिया में हजरत इमाम हुसैन की दरगाह का नक्शा नजर आया।
अखाड़े में दिखाए हैरतंगेज करतब
मोहर्रम के अवसर पर शाम को तिरघरों का चौक, काजियों के चौक, देर शाम को बाजरवाड़ा व लोहारपुरा में अखाड़े का आयोजन किया गया। जिसमें पहलवानों ने हैरतंगेज करतब दिखाए। जिसमें आग के अंगारों को मुंह में रखा, अंगारों पर चले व मुंह में कैरोसिन से आग निकाली। आग के चकरे में निकलने के साथ ही तलवारबाजी का कारनामा भी दिखा। इसके अलावा काजियों के चौक में हुए अखाड़े में नागौर विधायक हबीबुर्रहमान ने काजी अता मोहम्मद के साथ डंडा लेकर अखाड़ा खेला। इस मौके पर वहां खड़े शहरवासियों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान हारून पहलवान, उस्मान जावच, अजहरूदीन अंसारी व राजस्थान पत्रिका नागौर के संपादकीय प्रभारी रुद्रेश शर्मा आदि मौजूद थे।
हुआ खीर व हलीम का आयोजन
शहर में निकले ताजियों के जुलूस को देखते हुए शहर के इस्लामपुरा मोहल्ला, न्यारों का मोहल्ला, व्यापारियों का मोहल्ला, काजियों का चौक, पिंजरों की गली, नकाश गेट, बाजरवाड़ा मोहल्ला, माही दरवाजा, लौहारपुरा, व मुस्लिम बहुल इलाकों में हलीम, खीर, फालूदा, छबील, पानी की प्याऊ, चाय, दूध का शर्बत, बादाम शेक की मनुहार की गई। इसके साथ ही शहर के विभिन्न मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
लगाई प्याऊ
इस अवसर पर सूफी हमीदुद्दीन रहमतउल्लाह की दरगाह के पास माही दरवाजा रोड पर राजस्थान पत्रिका व कांगे्रस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की आरे से प्याऊ लगाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला महासचिव तबरेज खान, सचिव खालिद हुसैन, प्रदेश सचिव मुशर्रफ अंसारी, अय्युब खान सोडा, शरीफ चौहान, दिलशाद शेख, इंसाफ खान आदि मौजूद थे।
केन्द्रीय मंत्री ने की जियारत
मोहर्रम के पर्व पर रात साढ़े आठ बजे केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी लोहारपुरा पहुंचे व ताजिए की जियारत की। इस मौके पर नागौर विधायक हबीबुर्रहमान, अतिरिक्त जिला कलक्टर छगनलाल गोयल, उपखण्ड अधिकारी परसाराम टाक, नगर परिषद सभापति कृपाराम सोलंकी, नगर परिषद आयुक्त श्रवणराम चौधरी, मोहम्मद शरीफ छींपा, गनमैन अब्दुल जब्बार व बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।